प्यासे कुत्ते को पुलिसवाले ने हैंडपंप चलाकर पिलाया पानी, IPS अफसर ने फोटो शेयर कर लिखी ये बात
वाराणसी, मई 10: सोशल मीडिया पर वाराणसी के एक पुलिसकर्मी की तस्वीर वायरल हो गई है। इस तस्वीर को लेकर लोग पुलिसकर्मी की जमकर तारीफ कर रहे हैं। दरअसल, यह पुलिसकर्मी खुद हैंडपंप चलाकर एक प्यासे कुत्ते को पानी पिला रहा है। इस तस्वीर को जिसने भी देखा वह पुलिसवाले का फैन हो गया है। लोगों का कहना है कि इस फोटो से सीख मिलती है कि इंसान हो या फिर जानवर हमें हमेशा उसकी मदद करनी चाहिए।

IPS अफसर ने शेयर की तस्वीर
आईपीएस ऑफिसर सुकीर्ति माधव मिश्रा ने फोटो शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, 'अगर कोई कुत्तों से प्यार करता है तो वह अच्छा आदमी है। अगर कोई कुत्ता किसी आदमी से प्यार करता है तो वह अच्छा इंसान है।' यह फोटो वायरल हो गई है। इस तस्वीर को 25 हजार से ज्यादा लोगों ने लाइक किया और करीब ढाई हजार से अधिक रीट्वीट भी किए। एक यूजर ने लिखा, 'जहां का पत्थर भी पारस है ऐसा यह शहर बनारस है! हर हर महादेव! किसी भी रूप में महादेव कब किसकी परीक्षा ले-लें कुछ पता नहीं!' एक अन्य यूजर ने लिखा, 'काशी विश्वनाथ के मनुष्य रूपी दूत उनकी बनाई अन्य आत्मा की प्यास बुझाते हुए।'
'जीवों पर दया नहीं तो पूजा और तीर्थ करना सब कुछ है बेकार'
ट्वीटर पर एक अन्य यूजर ने पुलिसकर्मी की जमकर तारीफ की। लिखा, 'जीवों पर दया नहीं तो पूजा और तीर्थ करना सब कुछ है बेकार। निश्चय ही आज स्वयं देवाधिदेव महादेव वाराणसी की गली में विराजमान हैं खाकी धारण किए हुए। हर हर महादेव।' बता दें, सोशल मीडिया अक्सर पर ऐसी फोटोज और वीडियो सामने आते हैं जो प्रेरणादायक और सीख देने वाले होते हैं। कुछ तस्वीरें हमारे दिल को छू जाती हैं और इंसानियत के सही मतलब को समझाती हैं। वाराणसी के इस पुलिसकर्मी की तस्वीर भी कुछ ऐसी सी है। इस तस्वीर ने भी लोगों का दिल जीत लिया है और सिखा दिया है कि दुनिया में इंसानियत सबसे बड़ी चीज है।












Click it and Unblock the Notifications