'इहां सब गुरु हौ..., 10 साल में बनारस हमके बनारसी बना देलेस...', भोजपुरी में PM Modi का सबसे लंबा संवाद
Varanasi News: वाराणसी आगमन के दौरान इस बार PM Modi का मिजाज पूरी तरह बनारसी नजर आया। अपने दो दिवसीय दौरे के दूसरे दिन शुक्रवार को करखियांव में जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहली बार भोजपुरी में सबसे लंबा स्पीच दिया।
इस दौरान मंच से मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यह बात स्वीकार किया कि 10 साल पहले बनारस के लोगों ने उन्हें बनारस का सांसद बनाया। अब 10 साल में बनारस ने उनको बनारसी बना दिया।

इस बात को प्रधानमंत्री ने जब भोजपुरी भाषा में बोलते हुए लोगों को बताया तो जनसभा में शामिल लोगों ने हर हर महादेव का नारा लगाते हुए जमकर तालियां बजाई। लोगों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भोजपुरी में भाषण देने का अंदाज खूब भाया।
मंच पर पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हर हर महादेव के साथ अपना संबोधन प्रारंभ किया। उसके बाद भोजपुरी में बोलते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि काशी के धरती पर आज एक बार फिर आप लोगन के बीच में आवे के मौका मिलल हौ...। जब बनारस नाहीं आइत त हमार मन नाहीं मानेला...।
आगे प्रधानमंत्री ने कहा कि दस साल पहिले आप लोग हमके बनारस क सांसद बनइला...। अब दस साल में बनारस हमके बनारसी बना देलेस...। इसके अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विपक्षी दलों पर भी भोजपुरी में ही हमला बोला।
प्रधानमंत्री ने कहा कि ई बनारस हौ...। इहां सब गुरु हौ...। इहां इंडी गठबंधन के पैंतरा न चली...। बनारस ही नाहीं, पूरे यूपी के पता हौ कि माल वही हौ पैकिंग नया हौ। इसके पहले बीएचयू के स्वतंत्रता भवन में भी प्रधानमंत्री ने भोजपुरी में बोलते हुए कहा था कि जहां महादेव के कृपा हो जाला, उ धरती अपने ऐसे ही समृद्ध हो जाले...।
उन्होंने यह भी कहा कि आज एक बार फिर काशी के हमरे परिवार के लोगन के लिए करोड़ों रुपया के योजना क लोकार्पण होत हौ...। काशी में शिवरात्रि और रंगभरी एकादशी से पहिले काशी में आज विकास का उत्सव मने जात हौ...।












Click it and Unblock the Notifications