वाराणसी: 'नामर्द' कहकर भाभी मारती थी ताना, देवर ने धारदार हथियार से कर दी हत्या
वाराणसी: 'नामर्द' कहकर भाभी मारती थी ताना, देवर ने धारदार हथियार से कर दी हत्या
वाराणसी। खबर उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले से है। यहां एक देवर ने अपनी भाभी तेज धारदार हथियार से हमला कर सोमवार (29 मार्च) की देर शाम मौत के घाट उतार दिया था। इस घटना के अगले दिन यानी मंगलवार (30 मार्च) को पुलिस ने हत्यारोपी देवर को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में हत्यारोपी तौफीक खान ने बताया कि बच्चा न पैदा होने पर भाभी द्वारा बार-बार नामर्द कहकर ताना मारती थी।

ये मामला वाराणसी के लोहता थाना क्षेत्र के रहीमपुर गांव का है। यहां मुर्शीद खान और तौफीक खान का परिवार रहता है। मुर्शीद की सात बेटियां व दो बेटे हैं और तौफीक निसंतान है। सोमवार की शाम मुर्शीद खान के लड़के घर के बाहर पटाखे फोड़ रहे थे। इस पर तौफीक ने तेज आवाज में पटाखे फोड़ने से मना किया। इसे लेकर मुर्शीद की पत्नी रोशन जहां(50) और तौफीक की पत्नी शहनाज के बीच कहासुनी शुरू हुई।
कहासुनी के बीच ही तौफीक अपने घर से तलवार निकाल कर लाया और भाभी के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। इसके बाद तौफीक घर से भाग निकला। आनन-फानन में रोशन जहां को एक प्राइवेट अस्पताल से बीएचयू ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। मुर्शीद की तहरीर के आधार पर तौफीक के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की।
पुलिस ने तौफीक को हरपालपुर से गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्त में आए तौफीक ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि उसकी पत्नी शहनाज से जब भी उसकी भाभी का झगड़ा होता था तो वह निसंतान होने का ताना मारते हुए हमें नामर्द कहती थी। उसे यह बुरा लगता था। सोमवार की शाम झगड़ा हुआ और भाभी ने वही नामर्द वाली बात दुहराई तो उसे बर्दाश्त नहीं हुआ। इसके बाद वह अपने कमरे में जाकर तलवार निकाल कर बाहर लाया और भाभी के सिर पर वार कर दिया। सीओ सदर डॉक्टर राजेश मिश्रा ने बताया कि आरोपी तौफीक हरपालपुर से कहीं अन्यत्र भागने की फिराक में था लेकिन मुखबिरों की मदद से पुलिस ने उसे पकड़ लिया।












Click it and Unblock the Notifications