UP Politics: सपा नेता माता प्रसाद पांडेय ने वाराणसी में वरिष्ठ BJP नेता से की मुलाकात, 7 बार रह चुके हैं MLA
UP Politics: उत्तर प्रदेश में आगामी समय में 10 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होने वाले हैं। अभी तक चुनाव आयोग द्वारा इसकी तिथियां का ऐलान नहीं किया गया है लेकिन सभी राजनीतिक दल अपने-अपने स्तर से तैयारी में जुटे हुए हैं।
इसी बीच उत्तर प्रदेश विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय वाराणसी पहुंचे। वाराणसी में उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और सात बार विधायक रहे श्यामदेव राय चौधरी से मुलाकात की।

पूर्व विधायक श्यामदेव राय चौधरी से माता प्रसाद पांडेय की मुलाकात के बाद वाराणसी ही नहीं प्रदेश की सियासी हलचल तेज हो गई है। हालांकि इस मामले में समाजवादी पार्टी के नेताओं का कहना है कि यह केवल एक व्यवहारिक मुलाकात थी।
लेकिन ऐसा माना जा रहा है कि श्यामदेव राय चौधरी को समाजवादी पार्टी अपने पक्ष में करना चाहती है। हालांकि इस बारे में न तो श्यामदेव राय चौधरी और न ही समाजवादी पार्टी के किसी नेता द्वारा कोई बयान दिया जा रहा है। लेकिन गुपचुप तरीके से मुलाकात को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
दक्षिणी विधानसभा से सात बार रहे विधायक
दरअसल, श्यामदेव राय चौधरी वाराणसी में एक दिग्गज नेता के रूप में जाने जाते हैं। श्यामदेव चौधरी को वाराणसी में लोग दादा के नाम से पुकारते हैं। श्यामदेव राय चौधरी दादा की पहचान जमीनी और जनता से जुड़कर काम करने वाले नेता के रूप में होती है।
जनता के बीच उनकी लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वाराणसी की काफी महत्वपूर्ण माने जाने वाली शहर दक्षिणी विधानसभा से श्यामदेव राय चौधरी सात बार विधायक रह चुके हैं।
हालांकि साल 2017 में भारतीय जनता पार्टी द्वारा उनका टिकट काट दिया गया था। उनके जगह पर नीलकंठ तिवारी को भारतीय जनता पार्टी द्वारा प्रत्याशी बनाया गया था। श्यामदेव राय चौधरी दादा का टिकट काटे जाने के बाद माहौल काफी गर्म हो गया था।
यह भी अटकलें लगाई जा रही थी की टिकट कट जाने के बाद श्यामदेव राय चौधरी भारतीय जनता पार्टी से काफी नाराज हैं। हालांकि 2017 और फिर 2022 में विधानसभा चुनाव संपन्न हो गए लेकिन श्यामदेव राय चौधरी दादा किसी महत्वपूर्ण पद पर नहीं पहुंचे।
फिलहाल अब अचानक उत्तर प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय से उनकी मुलाकात होने की खबरें सामने आने के बाद राजनीतिक जानकार इससे कई नजरिए से देख रहे हैं। अटकलें लगाई जा रही है कि श्यामदेव राय चौधरी भाजपा का दामन छोड़ सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications