UP News: 'होटल से नहीं गिरी, फुरकान ने फेंका', धनबाद से काशी पहुंचे BHU छात्रा के पिता ने लगाए आरोप, FIR दर्ज
UP News: वाराणसी में एक होटल की तीसरी मंजिल से BHU की छात्रा के गिरने के मामले में नया मोड़ आया है। इस मामले में छात्र के पिता द्वारा फुरकान नामक युवक पर गंभीर आरोप लगाया गया है। पिता का कहना है कि झगड़े के बाद फुरकान ने उनकी बेटी को खिड़की से नीचे फेंक दिया।
इस मामले में पिता द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर फुरकान के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी है। भारतीय सेना से रिटायर्ड पिता राम प्रसाद का कहना है कि होटल से फेके जाने के चलते उनकी बेटी जिंदगी और मौत से जूझ रही है।

पिता द्वारा यह भी आरोप लगाया गया कि फुरकान हमेशा उनकी बेटी को बुरी नीयत से देखता था। फुरकान बहला फुसलाकर उनकी बेटी से दोस्ती की थी। इसकी जानकारी होने पर उन्होंने अपनी बेटी को फुरकान से दूर रहने की हिदायत दी थी।
उन्होंने कहा कि फुरकान उनकी बेटी की हत्या करना चाहता था। यही कारण है कि होटल में झगड़ा करने के बाद उसने उनकी बेटी प्रियंका को होटल की तीसरी मंजिल की खिड़की से नीचे फेंक दिया। इस मामले में पिता द्वारा शिकायत किए जाने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने CCTV किया जब्त
इस मामले में पिता द्वारा शिकायत किए जाने के बाद वाराणसी के चेतगंज थाने की पुलिस ने होटल एसवी ग्रैंड के सीसीटीवी फुटेज डीवीआर को कब्जे में ले लिया है। बताया जा रहा है कि होटल में ठहरने से लेकर छात्रा के गिरने तक के फुटेज को पुलिस ने कब्जे में लिया है।
वहीं घटना के बाद ही धनबाद के रहने वाले फुरकान को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। गिरफ्तार करने के बाद से ही पुलिस द्वारा फुरकान से पूछताछ की जा रही है। अभी तक प्राप्त जानकारी अनुसार फुरकान द्वारा मारपीट की बात स्वीकार की गई है।
हालांकि अभी तक आरोपी फुरकान यह स्पष्ट नहीं बता रहा है कि छात्रा होटल की तीसरी मंजिल से नीचे कैसे गिरी है। यह भी बात सामने आई है कि छात्रा अपने घर वापस लौटना चाहती थी। लेकिन, फुरकान 5 दिन तक जबरन उसे होटल में रखा था। वहीं कुछ लोग इस मामले को लव जिहाद से जोड़कर देख रहे हैं। फिलहाल, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications