UP News: लखीमपुर खीरी में युवक की मौत के मामले में हुलासीपुरवा गांव पहुंचीं MLA पल्लवी पटेल, जानें क्या हुआ?
UP News: लखीमपुर खीरी जिले के मझगई थाना क्षेत्र के हुलासीपुरवा गांव में गैंगस्टर के आरोपी युवक रामचंद्र की संदिग्ध मौत के मामले में विपक्ष ने पुलिस को घेरना शुरू कर दिया है। शुक्रवार को अपना दल (कमेरावादी) की अध्यक्ष डॉ. पल्लवी पटेल मृतक के गांव पहुंचीं। वहां उन्होंने कहा कि पुलिस को अपनी जिम्मेदारियों का ध्यान रखना चाहिए और मानवीय संवेदनाओं का पालन करना चाहिए।
इस दौरान विधायक पल्लवी पटेल ने सीओ पीपी सिंह और अन्य पुलिसकर्मियों के निलंबन की मांग की। उन्होंने कहा, "पुलिस सरकार नहीं, बल्कि जनता की सेवा में हैं।" इसके अलावा, सपा सांसद उत्कर्ष वर्मा और पूर्व सांसद रवि वर्मा के नेतृत्व में कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल भी हुलासीपुरवा गांव पहुंचा।

पुलिस हिरासत में मौत के आरोप के बाद बढ़ा मामला
दरअसल, लखीमपुर खीरी के मझगई थानांतर्गत हुलासीपुरवा गांव निवासी रामचंद्र मौर्य की सोमवार रात को पुलिस हिरासत में मौत का आरोप है। पुलिस उसे शराब बनाने के आरोप में पकड़कर ला रही थी। मृतक के परिवार ने मझगई और निघासन पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन किया। उसके बाद पुलिस द्वारा लाठियां भांजी गई थी।
शुक्रवार को गांव में पहुंचीं डॉ. पल्लवी पटेल ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर पूरी घटना की जानकारी ली। उन्होंने परिवार को 50 लाख रुपये मुआवजा देने और पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई। इस दौरान उन्होंने प्रदेश की सरकार व्यवस्था पर भी जमकर निशाना साधा।
सपा और कांग्रेस नेता भी पहुंचे हुलासीपुरवा
इस मामले को लेकर सपा और कांग्रेस के नेता भी पीड़ित परिवार के साथ नजर आए। सपा सांसद उत्कर्ष वर्मा और पार्टी के अन्य नेता भी मृतक के गांव हुलासीपुरवा पहुंचे। उन्होंने मृतक रामचंद्र के भाई दिनेश से घटना की पूरी जानकारी ली। उन्होंने इसे लोकतंत्र के लिए शर्मनाक बताते हुए प्रदेश सरकार पर जमकर हमला बोला।
कार्रवाई नहीं हुई तो होगा धरना-प्रदर्शन
डॉ. पल्लवी पटेल ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर धरने का ऐलान किया। सुरक्षा कारणों से पुलिस ने मुख्य गेट बंद कर दिया, जिस पर उनकी सीओ सिटी रमेश कुमार से नोकझोंक हुई। आखिरकार उन्हें एसपी से मिलने का मौका मिला, जहां उन्होंने कार्रवाई की मांग की। पल्लवी पटेल ने कहा कि अगर उचित कार्रवाई नहीं हुई तो वह धरने पर बैठ जाएंगी।












Click it and Unblock the Notifications