काशी में PM मोदी का विपक्ष पर वार, बोले- गाय कुछ लोगों के लिए गुनाह हो सकती है, लेकिन हमारे लिए मां है
वाराणसी, 23 दिसंबर: काशी विश्वनाथ धाम कॉरिडोर के उद्घाटन के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक बार फिर अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में हैं। यहां उन्होंने बनारस डेयरी संकुल की प्रदर्शनी का जायजा लिया। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वाराणसी में 870 करोड़ रुपए से अधिक लागत वाली 22 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। पीएम मोदी ने कहा कि आज काशी और आसपास का ये पूरा क्षेत्र, एक बार फिर से पूरे देश व यूपी के गांवों, किसानों और पशुपालकों के लिए बहुत बड़े कार्यक्रम से खास बना है। बता दें, पीएम मोदी 10 दिन में यूपी का यह दूसरा दौरा है। वह यहां करीब ढाई घंटे बिताएंगे।
Recommended Video

पीएम मोदी ने कहा- हमारे लिए गाय माता है
पीएम ने विपक्ष पर हमला करते हुए कहा कि देश किसान दिवस मना रहा है। हमारे यहां गाय व गोबर की बात करना, कुछ लोगों ने ऐसे हालात पैदा कर दिया है जैसे गुनाह कर दिया है। हमारे लिए गाय माता है। आज देश के पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह जी की जन्म जयंती है। उनकी स्मृति में देश आज किसान दिवस मना रहा है। हमारे यहां गाय की बात करना, गोबर्धन की बात करना कुछ लोगों ने गुनाह बना दिया है। गाय कुछ लोगों के लिए गुनाह हो सकती है, हमारे लिए गाय, माता है, पूजनीय है। उन्होंने कहा कि गाय-भैंस का मजाक उड़ाने वाले लोग ये भूल जाते हैं कि देश के 8 करोड़ परिवारों की आजीविका ऐसे ही पशुधन से चलती है।
डेयरी सेक्टर को मजबूत करना हमारी सरकार की प्राथमिकताओं में से एक: पीएम
पीएम ने कहा कि भारत के डेयरी सेक्टर को मजबूत करना हमारी सरकार की प्राथमिकताओं में से एक है। आज यहां 'बनास काशी संकुल' का शिलान्यास किया गया है। गायें मेरे चारों ओर रहे और मैं गायों के चारों ओर रहूं, हमारे शास्त्रों व संस्कृति में ये कहा गया है। पीएम ने कहा कि हमने पशुओं में विभिन्न बीमारियों के लिए राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान चलाया है। मेरा अटूट विश्वास है कि देश का डेयरी सेक्टर, पशुपालन, श्वेत क्रांति में नई ऊर्जा, किसानों की स्थिति को बदलने में बहुत बड़ी भूमिका निभा सकती है। पशुपालन, महिलाओं के आर्थिक उत्थान, उनकी उद्यमशीलता को आगे बढ़ाने का बहुत बड़ा जरिया है। उन्होंने कहा कि 10 करोड़ से अधिक पशुपालन देश के छोटे किसानों की अतिरिक्त आय का बहुत बड़ा साधन बन सकता है। जो हमारा पशुधन है, वो बायोगैस, जैविक खेती, प्राकृतिक खेती का भी बहुत बड़ा आधार है। बनारस की लस्सी और छेने की एक से बढ़कर मिठाई का स्वाद अब और बढ़ जाएगा। बनारस का रस और बढ़ जाएगा। दूध खरीदें तो कौन सा सुरक्षित है, इसकी पहचान सामान्य लोगों के लिए मुश्किल होती है। भारतीय मानक ब्यूरो ने एकीकृत सर्टिफिकेट व्यवस्था व लोगो भी जारी किया है। इससे दुग्ध शुद्धता जांचना आसान हो जाएगा।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि डबल इंजन की भाजपा सरकार, पूरी ईमानदारी व शक्ति से किसानों और पशुपालकों का साथ दे रही है। आज वाराणसी में 'बनास काशी संकुल' का शिलान्यास, सरकार और सहकार की भागीदारी का प्रमाण है। पीएम ने कहा कि विकास की जब बात आती है तो काशी अपने आप में एक मॉडल बनता जा रहा है। पुरातन पहचान के साथ नगर नूतन काया में बदल सकते हैं। यही भव्य काशी, दिव्य काशी है अब स्मार्ट काशी भी बन रही है। काशी की पहचान को सशक्त करने के लिए निरंतर प्रयास चल रहे हैं। आज आयुष चिकित्सालय की भी शुरुआत हो रही है। इससे पहले सीएम योगी ने कहा कि पिछले 10 दिनों से काशी में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ रहा है। काशी की सांस्कृतिक पहचान को वैश्विक स्तर तक पहुंचाने का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ही है, इसके लिए उनका यूपी और मेरी ओर से आभार व धन्यवाद।












Click it and Unblock the Notifications