ऑटो में बैठी महिला के गले से पलभर में गायब हुई चेन, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
वाराणसी के लालपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को सायंकाल ऑटो में बैठी एक महिला के गले से सोने की चेन ऑटो में सवार दूसरी महिला ने नोंच लिया। शिकायत के आधार पर पुलिस जांच कर रही है।
वाराणसी के लालपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को सायंकाल ऑटो में बैठी एक महिला के गले से सोने की चेन गायब हो गई। महिला का आरोप है कि ऑटो में बैठी दूसरी महिला ही उसके गले से चेन नोंच कर फरार हुई है। महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस जांच पड़ताल कर रही है।

ऑटो में पहले से ही बैठी थी महिला
जानकारी अनुसार लालपुर थाना क्षेत्र के मढ़वा रसूलपुर निवासी महेंद्र सिंह यादव की पत्नी पूनम शुक्रवार को अपने बच्चे को लेकर अस्पताल में दवा दिलाने के लिए गई थी। दवा दिलाने के बाद वह पांडेयपुर चौराहे पर एक ऑटो में बैठकर अपने घर वापस लौट रही थी। पूनम ने बताया कि उस ऑटो में पहले से ही कुछ महिलाएं बैठी हुई थी। आगे जाने पर सुनसान इलाका देखकर ऑटो में बैठी एक महिला अपनी बच्ची को उल्टी होने की बात करते हुए ऑटो से उतर गई। इसी दौरान ऑटो से उतरने वाली महिला पूनम के गले से चेन नोच ली। इस बात की जानकारी पूनम को उस समय नहीं हो पाई, हालांकि पूनम द्वारा यह बताया गया कि जब वह महिला ऑटो से उतर रही थी तो पूनम को यह आभास हुआ कि उसके गले से महिला ने कुछ खींचा है।
आगे जाने पर महिला रह गई हैरान
उक्त महिला को उतारने के बाद ऑटो चालक ऑटो लेकर कुछ दूर गया। उसके बाद पूनम को पता चला कि उसके गले से चेन गायब है। पूनम तुरंत ऑटो चालक से उस महिला को खोजने के लिए ऑटो घुमावा दी। काफी देर तक खोजबीन करने के बाद भी बीच रास्ते में ऑटो रोक कर उतरी हुई महिला कहीं दिखाई नहीं दी। उसके बाद पीड़िता लालपुर थाने पर पहुंची और पुलिस से लिखित शिकायत की।
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
महिला के गले से चेन नोंचे जाने की सूचना मिलने के बाद पुलिस तत्काल सक्रिय हुई और चौकी प्रभारी लालपुर, चौकी प्रभारी अर्दली बाजार कैंट थाने की क्राइम टीम सहित अन्य पुलिसकर्मी घटनास्थल पर पहुंचे। घटनास्थल के आसपास सड़क के किनारे लगे सीसीटीवी कैमरे के आधार पर पुलिस द्वारा जांच पड़ताल किया जा रहा है। पुलिस द्वारा पांडेयपुर चौराहे पर लगे हुए सीसीटीवी कैमरे के फुटेज भी देखे जा रहे हैं।
पहले भी हो चुकी है ऐसी घटनाएं
ऑटो में बैठी महिला को बातों में बरगला कर चेन छीन लेने की यह पहली घटना नहीं है। इसके पहले भी वाराणसी में इस तरह की घटनाएं हो चुकी हैं। सभी घटनाओं में एक ही तरह की प्लान की जाती है और बच्ची को उल्टी होने की बात कहते हुए ठग महिला ऑटो से उतर जाते हैं और उतरते समय ऑटो में बैठी महिलाओं की चेन छीन लेती हैं। फिलहाल इस मामले में पुलिस का कहना है कि घटना की शिकायत मिलने के बाद जांच पड़ताल की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उक्त महिला की तलाश जारी है।












Click it and Unblock the Notifications