'मस्जिद की जगह मंदिर...', ज्ञानवापी तहखाने में पूजा के फैसले के बाद कुछ लोगों ने बोर्ड पर चिपका दिया स्टीकर
Gyanvapi Mosque: ज्ञानवापी परिसर में स्थित तहखाना में व्यास जी परिवार को पूजा की अनुमति मिलने के बाद बुधवार रात में कुछ लोगों द्वारा श्री काशी विश्वनाथ धाम के समीप लगे संकेतक बोर्ड पर मस्जिद के जगह मंदिर लिखा स्टीकर चिपका दिया गया।
संकेतक पर लिखे गए ज्ञानवापी मस्जिद में मस्जिद की जगह मंदिर लिखा स्टीकर चिपकाते हुए कुछ लोगों का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। हालांकि वन इंडिया हिंदी वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।

हालांकि मस्जिद की जगह मंदिर लिखा स्टीकर चिपकाए जाने की जानकारी मिलने के बाद उसे ठीक कर दिया गया। इधर तहखाने में पूजा की कोर्ट द्वारा अनुमति मिलने के बाद से ही श्री काशी विश्वनाथ धाम और ज्ञानवापी मस्जिद के आसपास भारी संख्या में सुरक्षा बल की तैनाती की गई है।
दरअसल, हिंदू पक्ष द्वारा तहखाने में पूजा करने की अनुमति के लिए लगाई गई अर्जी पर सुनवाई करते हुए बुधवार को न्यायालय द्वारा तहखाने में नियमित पूजा करने की अनुमति दी गई थी। हिंदू पक्ष द्वारा बताया गया कि 1993 से पहले तहखाना में व्यास जी के परिवार द्वारा पूजा किया जाता था।
लेकिन तत्कालीन सरकार द्वारा तहखाने में पूजा बंद करा दी गई थी। हालांकि मुस्लिम पक्ष द्वारा दावा किया गया था कि तहखाने में कभी पूजा नहीं हो रही थी। मामले में दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद मंगलवार को फैसला सुरक्षित रख लिया गया था और बुधवार को कोर्ट द्वारा तहखाने में पूजा करने का फैसला सुनाया गया था।
तहखाने में पूजा करने का आदेश सुनाए जाने के बाद हिंदू पक्ष के लोगों द्वारा खुशी जाहिर की गई। बुधवार दोपहर से ही श्री काशी विश्वनाथ और ज्ञानवापी मंदिर के आसपास सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई थी। हालांकि बुधवार देर रात पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में तहखाना में पूजा शुरू करा दी गई।












Click it and Unblock the Notifications