'मेरे कहने पर सपा ने वाराणसी में बदला प्रत्याशी, नहीं करूंगा शालिनी यादव का प्रचार'
Varanasi news, वाराणसी। समाजवादी पार्टी के पूर्व राज्यमंत्री सुरेंद्र सिंह पटेल का कहना है कि उनके कहने पर ही सपा हाईकमान ने वाराणसी में प्रत्याशी बदला है। सुरेंद्र सिंह ने कहा कि यदि किन्हीं कारणों से तेज बहादुर यादव का नामांकन निरस्त हो जाता है तो वह शालिनी यादव का प्रचार नहीं करेंगे। बता दें, बीएसएफ के बर्खास्त सिपाही तेज बहादुर को गठबंधन से समाजवादी पार्टी के टिकट पर वाराणसी से मैदान में उतारा गया है।

शालिनी यादव का नहीं करेंगे प्रचार
सुरेंद्र पटेल ने कहा कि सपा हाईकमान ने 22 अप्रैल को कांग्रेस छोड़कर आईं शालिनी यादव को पार्टी ज्वाइन कराई थी। अगले दिन उन्हें टिकट दे दिया गया, जिसके बाद मैंने उनसे इस पर विचार करने के लिए कहा। मैंने उनसे साफ कह दिया था कि शालिनी यादव का प्रचार नही करूंगा। सुरेंद्र पटेल ने कहा कि वह चाहते थे कि पीएम के खिलाफ महागठबंधन के साथ कांग्रेस मिलकर प्रियंका गांधी को उम्मीदवार बनाया जाए, लेकिन ऐसा नहीं हो सका। उन्होंने कहा कि अब लड़ाई सेना के जवान चौकीदार और खुद को चौकीदार बताने वाले पीएम के खिलाफ है।
ये भी पढ़ें: वाराणसी लोकसभा चुनाव की विस्तृत कवरेज

मरने के बाद मेरा शरीर भी बीजेपी में नहीं जाएगा
सुरेंद्र के भाजपा में शामिल होने की खबरों के सवाल पर सुरेंद्र सिंह ने कहा कि मेरे विचार लोहिया को मानने वाले हैं और यही वजह है कि अखिलेश यादव ने मेरा सम्मान रखते हुए काशी का प्रत्याशी बदल दिया। यदि मैं मर भी गया तो मेरा शरीर बीजेपी के पास नहीं जाएगा।

आखरी दिन 71 प्रत्याशियों ने किया नामांकन
वाराणसी लोकसभा सीट के लिए नामाकंन के अंतिम दिन सोमवार को प्रत्याशियों का तांता लगा रहा। रात करीब 11 बजे तक नामांकन की प्रक्रिया चलती रही। सोमवार को 71 प्रत्याशियों ने अपना नामांकन किया। वाराणसी लोकसभा सीट से अब तक कुल 102 लोगों ने दाखिल किया है।












Click it and Unblock the Notifications