Varanasi: बारिश ने रोकी विमानों की राह, एक दिल्ली, दूसरा कोलकाता और तीसरा लखनऊ में उतरा, यात्री हुए परेशान
UP Varanasi News: वाराणसी में शनिवार रात हुई भारी बारिश के कारण हवाई यातायात भी प्रभावित हुआ। इस दौरान तीन विमानों को डायवर्ट करना पड़ा।
Varanasi Flight News: वाराणसी में शनिवार की रात झमाझम बारिश हुई। बारिश के कारण जहां आम जनजीवन प्रभावित हुआ वहीं हवाई यातायात भी प्रभावित हुआ। वाराणसी एयरपोर्ट पर आ रहे तीन विमानों को लैंडिंग की इजाजत नहीं दी गई और उनका रूट डायवर्ट करना पड़ा।
विमान डाइवर्ट किए जाने के चलते जहां विमान से आने वाले यात्रियों के परिजनों को देर तक वाराणसी एयरपोर्ट पर इंतजार करना पड़ा वहीं जाने वाले यात्री भी चेकइन कराने के बाद वाराणसी एयरपोर्ट के मुख्य टर्मिनल भवन में बैठकर विमान के आने का इंतजार करते रहे।

डायवर्ट होने के चलते विमानों के आने में देरी हुई जिससे यात्रियों ने कुछ देर तक हंगामा भी किया। हालांकि बाद में एयरपोर्ट पर तैनात एयरलाइंस के अधिकारियों और सीआईएसएफ के जवानों ने यात्रियों को समझा-बुझाकर शांत कराया। विमानन कंपनी द्वारा यात्रियों के लिए फूड और पेय पदार्थ उपलब्ध कराए गए थे।
अधिकारियों ने बताया कि इंडिगो एयरलाइंस का विमान 6E2414 शनिवार को रात्रि 6:55 बजे दिल्ली एयरपोर्ट से वाराणसी के लिए उड़ान भरा। उड़ान भरने के बाद वाराणसी में बरसात के दौरान विजिबिलिटी लो होने की जानकारी मिलने के बाद इस विमान को पुनः दिल्ली के लिए ही डायवर्ट कर दिया गया।
इसी तरह हैदराबाद एयरपोर्ट से यात्रियों को लेकर वाराणसी पहुंचा इंडिगो एयरलाइंस का विमान 6E783 रात 8 बजे के करीब वाराणसी हवाई क्षेत्र में पहुंच गया था। वाराणसी हवाई क्षेत्र में विमान के पहुंचने के बाद तेज बरसात हो रही थी ऐसे में पायलट वाराणसी हवाई क्षेत्र में चक्कर लगाता रहा लेकिन मौसम सामान्य नहीं हुआ।
ऐसे में हैदराबाद से वाराणसी हवाई क्षेत्र में पहुंचे इंडिगो एयरलाइंस के विमान को भी वाराणसी से डायवर्ट कर कोलकाता भेजा गया। शनिवार की देर रात मौसम सामान्य होने के बाद कोलकाता से यह विमान यात्रियों को लेकर वाराणसी एयरपोर्ट पहुंचा।
इंटरनेशनल फ्लाइट को भी किया गया डाइवर्ट: एयरपोर्ट के अधिकारियों द्वारा बताया गया कि वाराणसी में जिस समय तेज बरसात हो रही थी, उसी समय शारजाह से वाराणसी आने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट भी वाराणसी हवाई क्षेत्र में पहुंच गई थी।
भारी बरसात के चलते वाराणसी एयरपोर्ट का रनवे देख पाना मुश्किल था और विजिबिलिटी लो होने के चलते एटीसी द्वारा फ्लाइट को लैंडिंग की अनुमति नहीं दी गई। ऐसे में विमान वाराणसी हवाई क्षेत्र से डाइवर्ट करके लखनऊ भेजा गया। रात में वाराणसी का मौसम सामान्य हो जाने के बाद यह विमान वाराणसी वापस लौटा और यात्रियों को लेकर शाहजहां के लिए प्रस्थान कर गया।












Click it and Unblock the Notifications