इसी माह वाराणसी आ सकते हैं PM Modi, देंगे करोड़ों की सौगातें, जनसभा स्थल के चयन में जुटे अधिकारी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसी महीने में अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में आने वाले हैं। वाराणसी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा करोड़ों की योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया जाएगा। हालांकि अभी तक प्रोटोकॉल जारी नहीं हुआ है लेकिन जिला प्रशासन तैयारी में जुट गया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करने के साथ ही वाराणसी में एक जनसभा को संबोधित करेंगे। ऐसे में प्रधानमंत्री के लिए जनसभा स्थल की तलाश भी अधिकारियों द्वारा की जा रही है। इस बार प्रधानमंत्री की जनसभा भदोही से सटे इलाके में हो सकती है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसभा स्थल के चयन के लिए अधिकारियों द्वारा मंगलवार को भी निरीक्षण किया गया इसके अलावा बुधवार को भी जिले के आला अधिकारी कपसेठी इलाके में निरीक्षण किए। कहा जा रहा है कि अधिकारियों द्वारा ऐसे स्थान का चयन किया जा रहा है जहां वाहनों का आगमन सुगम तरीके से हो सके।
इन योजनाओं का पीएम कर सकते हैं लोकार्पण और शिलान्यास
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वाराणसी आगमन के दौरान वाराणसी के शिवपुर-फुलवरिया में 166.16 करोड़ से बने लहरतारा फोरलेन सड़क और वरुणा नदी पर हुए सेतु का निर्माण और वाराणसी के सिगरा इलाके में 307.98 करोड़ की लागत से बने स्टेडियम, नमो घाट फेज वन और फेज टू इसके अलावा कैंट रेलवे स्टेशन पर 568 करोड़ की लागत से यार्ड रिमार्डलिंग परियोजना तथा वाराणसी पिंडरा ब्लाक के करखियाव इलाके में बन रहा अमूल प्लांट आदि का लोकार्पण तथा कई अन्य योजनाओं का शिलान्यास भी किया जा सकता है।
कहा जा रहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस बार वाराणसी शहर में कई कार्यक्रमों में शामिल होने के साथ ही सेवापुरी विधानसभा में जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वाराणसी के रोहनिया विधानसभा के गंजारी गांव में वाराणसी में बन रहे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का शिलान्यास करने के लिए पहुंचे थे। वाराणसी में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का शिलान्यास करने के साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा कई अन्य योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया गया था।












Click it and Unblock the Notifications