पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के उद्घाटन पर बोले ओम प्रकाश राजभर, भाजपा सपा की नकल कर रही है
वाराणसी, 16 नवंबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश को पूर्वी यूपी और पश्चिमी यूपी को जोड़ने वाले 341 किलोमीटर लम्बे पूर्वांचल एक्सप्रेसवे की सौगात दी। यह एक्सप्रेसवे लखनऊ के चांद सराय से शुरू होगा और पूर्वांचल के गाजीपुर तक जाएगा। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के उद्घाटन के मौके पर लड़ाकू विमान भी उतारे गए जिसमें मिराज, सुखोई और जगुआर ने अपना जलवा बिखेरा। वहीं यूपी चुनाव से पहले इस सौगात को लेकर समाजवादी पार्टी के सहयोगी और भागीदारी मोर्चा के संयोजक ओमप्रकाश राजभर ने सवाल खड़ा करते हुए प्रतिक्रिया दी है। ओपी राजभर ने पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के उद्घाटन के बाद वाराणसी के सर्किट हाउस में मीडिया ब्रीफिंग की जिसमें उन्होंने कहा कि यह काम पहले अखिलेश यादव कर चुके है। बीजेपी नकल मारने वाली पार्टी है। सपा के कार्यकाल में अखिलेश यादव ने यमुना एक्सप्रेसवे पर फाइटर प्लेन उतारा था, वही देख भाजपा ने उतारा है।

मुख्तार अंसारी से मुलाकात के सवाल के जवाब में ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि मैं मुख्तार से नियम के अनुसार मिलने गया था। जब लौट कर वापस आ रहा था तो जबरन हिन्दवारी थाने पर रोका गया और मेरी गाड़ी की तलाशी ली गयी, जैसे माफिया की तलाशी ली जा रही हो और यह सब सरकार के इशारे पर हुआ जैसे मैं चरस बेचने वाला हूं। जब मैंने पूछा तो मुझे पुलिस वालों ने बताया कि रूटीन चेकिंग है। मेरा बैग, गाड़ी का मैट और स्टेपनी खोल कर देखा गया जबकि मेरे बगल से बाकी गाड़ियां सड़क पर से निकल रही थी तो कैसी रूटीन चेकिंग?
ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि और लोग भी तो बाहुबली के यहां मिलने जाते है तो वहां क्यों नहीं चेक किया जाता। वहीं बीजेपी पर निशाना साधते हुए बोले कि देश के गृहमंत्री नया इतिहास बताते हैं। उन्होंने वाराणसी में कहा कि जब रावण मृत्यु शैय्या पर था तो भगवान राम ने भरत को राजनीति सीखने के लिए भेजा। जब गठबन्धन में सीटों के बंटवारे और डिप्टी सीएम बनने के लिए सवाल हुआ तो बोले मैं भाजपा को हराने के लिये सपा के साथ गया हूं। मुझे कोई लाभ नहीं चाहिए, यदि सरकार बनती है तो किसी को भी डिप्टी सीएम बना दूंगा, खुद नही बनूंगा। लेकिन सीएम अखिलेश यादव को बनाना है।












Click it and Unblock the Notifications