UP Varanasi News: काशी नरेश की बेटी और दामाद के खिलाफ NBW जारी, जानिए क्या है पूरा मामला?
UP Varanasi News: वाराणसी में धोखाधड़ी के एक मामले में काशी नरेश की बेटी कृष्णा प्रिया और उनके पति अशोक सिंह समेत तीन लोगों के खिलाफ मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अश्विनी कुमार की अदालत ने गैर जमानती वारंट जारी किया है। मामला शहर स्थित एक जमीन पर बने फ्लैट से जुड़ा है।
मामले में पुलिस द्वारा अपनी रिपोर्ट में तीनों को फरार घोषित बताया गया। इसकी जानकारी के बाद मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट द्वारा NBW जारी करते हुए तीनों को कोर्ट में पेश करने का आदेश दिया गया है। एनबीडब्ल्यू जारी होने के बाद अब विवेकचक और पुलिस टीम द्वारा काशी नरेश की बेटी और दामाद तथा एक अन्य आरोपी को पकड़कर न्यायालय में पेश किया जाएगा।

दरअसल, वाराणसी जिले के मंडुआडीह थाना क्षेत्र के रहने वाले अभिषेक जायसवाल का आरोप है कि कैंट क्षेत्र में 7000 वर्ग फीट जमीन को वे व्यापारिक काम में लेना चाहते थे। इसे लेकर कचौड़ी गली में रहने वाले चंद्रशेखर कपूर से उन्होंने बात किया, उसके बाद भूमि पर फ्लैट बनवाने की सहमति बनी।
अभिषेक का आरोप है कि उसके बाद उन्होंने काशी नरेश की बेटी राजकुमारी कृष्ण प्रिया और उनके पति अशोक सिंह से मुलाकात की। उनका कहना है कि इस मामले को लेकर एक अनुबंध भी किया गया। अभिषेक का आरोप है कि अनुबंध के बाद फ्लैट निर्माण हो जाने पर अनुबंध के शर्तों के विपरीत फ्लैट बेचे गए।
इसी मामले को लेकर अभिषेक द्वारा मुकदमा दर्ज कराया गया था। इस मामले में मुकदमा दर्ज होने के बाद भी पुलिस द्वारा अंतिम रिपोर्ट लगा दी गई थी। इसी को लेकर अदालत में आपत्ति की गई, उसके बाद भी आरोपी अदालत में हाजिर नहीं हुए। इस मामले को संज्ञान लेते हुए अदालत द्वारा गैर जमानती वारंट जारी कर दिया गया।
वहीं राजकुमारी कृष्ण प्रिया द्वारा मीडिया को बताया गया कि इस मामले की जानकारी उन्हें नहीं है। उन्होंने कहा कि फ्लैट बनाने को लेकर अनुबंध हुआ था और वह मसला पुराना है। उनका कहना है कि अब इस मामले को क्यों उठाया जा रहा है यह समझ से परे है। फिलहाल राजकुमारी और उनके पति के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी होने के बाद राजघराने को लेकर एक बार फिर काशी के चट्टी चौराहों पर चर्चा शुरू हो गई है।











Click it and Unblock the Notifications