SSP के सहारे ओमप्रकाश राजभर को घेरने निकले 'कटप्पा', कभी माने जाते थे राजभर के बेहद करीबी
सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी और ओमप्रकाश राजभर के कभी बेहद करीबी माने जाने वाले महेंद्र राजभर ने मंगलवार को मऊ में नई पार्टी का किया ऐलान
मऊ, 27 सितंबर : कभी सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और ओमप्रकाश राजभर के बेहद करीबी रहे महेंद्र राजभर ने मंगलवार को नई पार्टी का ऐलान कर दिया। उन्होंने मऊ कलेक्ट्रेट परिसर में सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी से निकले हुए बागियों को लेकर सुहेलदेव स्वाभिमान पार्टी अर्थात 'एसएसपी' का ऐलान कर दिया। वहां पर मौजूद पार्टी से जुड़ने वाले कार्यकर्ताओं द्वारा महेंद्र राजभर को पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया। इस दौरान महेंद्र राजभर द्वारा सुभासपा प्रमुख ओमप्रकाश राजभर पर गंभीर आरोप भी लगाए गए। उन्होंने यह भी कहा कि आगामी निकाय चुनाव में उनके पार्टी के प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतरेंगे।

माने जाते थे राजभर का दाहिना हाथ लोग कहते थे 'कटप्पा'
महेंद्र राजभर सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी से कई सालों से जुड़े थे। लोग बताते हैं कि महेंद्र राजभर को ओमप्रकाश राजभर का बेहद करीबी और दाहिना हाथ माना जाता था। लोग उन्हें 'कटप्पा' के नाम से भी जानते हैं। मंगलवार को मऊ कलेक्टर परिसर में पार्टी का गठन करने के बाद मीडिया को संबोधित करते हुए महेंद्र राजभर ने कहा कि ओमप्रकाश राजभर पार्टी में अब अपने परिवार के लोगों को ही जगह देते हैं और सुहलदेव भारतीय समाज पार्टी में कार्यकर्ताओं का उत्पीड़न किया जाता है। उन्होंने कहा कि एक समय ऐसा भी था जब इन्हीं कार्यकर्ताओं की मेहनत के चलते पार्टी पूर्वांचल में मजबूत हुई, लेकिन अब ओमप्रकाश राजभर द्वारा कार्यकर्ताओं की उपेक्षा की जाती है।

महेंद्र राजभर ने अधिकारियों पर लगाया गंभीर आरोप
महेंद्र राजभर द्वारा पहले मऊ में स्थित एक प्लाजा में पार्टी गठन का कार्यक्रम और प्रेस वार्ता की जानी थी लेकिन जिला प्रशासन द्वारा इसकी अनुमति नहीं दी गई। ऐसे में सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी से निकले हुए सैकड़ों कार्यकर्ताओं को लेकर महेंद्र राजभर मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर पहुंच गए। कलेक्ट्रेट परिसर में ही कार्यकर्ताओं के साथ वे नारेबाजी करने लगे। उन्होंने सिटी मजिस्ट्रेट और सीओ सिटी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि ओमप्रकाश राजभर के चलते अधिकारियों द्वारा उनकी पार्टी के कार्यक्रम की अनुमति नहीं दी गई। वहीं पर ही उन्होंने अपनी नई पार्टी 'सुहेलदेव स्वराज पार्टी' का ऐलान कर दिया।

राजभर और OBC वोट में सेंध लगाने की तैयारी
कहा जा रहा है कि महेंद्र राजभर द्वारा नई पार्टी बनाने के बाद पूर्वांचल में राजभर समाज वोट को अपने पक्ष में साधने का प्रयास किया जाएगा। ऐसे में ओमप्रकाश राजभर के पार्टी को काफी नुकसान पहुंचने की बातें भी चल रही हैं। यह भी बताया जा रहा है कि राजभर के अलावा ओबीसी वोटों पर भी महेंद्र राजभर द्वारा निशाना साधा जाएगा। मंगलवार को पार्टी का ऐलान करने के बाद महेंद्र राजभर को पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनने के अलावा डॉक्टर बलिराज राजभर को राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव और बृजेश राजभर को प्रदेश अध्यक्ष तथा रामदुलारे राजभर को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष बनाया गया।












Click it and Unblock the Notifications