वाराणसी : चंद रुपए के लिए प्रेमी ने की थी प्रेमिका की हत्या, लाश को फेंक दिया था रिंग रोड के किनारे
वाराणसी के लोहता थाना क्षेत्र के अनंतपुर गांव में शनिवार को हत्या कर फेंकी गई विवाहिता के लाश की घटना का मंगलवार को एसपी ग्रामीण ने खुलासा कर दिया, विवाहिता के प्रेमी ने ही उसकी हत्या की थी
वाराणसी, 27 सितंबर : लोहता थाना क्षेत्र के अनंतपुर गांव में शनिवार को रिंग रोड के किनारे विवाहिता की हत्या कर फेंकी गई लाश की घटना का पुलिस अधीक्षक वाराणसी ग्रामीण सूर्यकांत त्रिपाठी द्वारा मंगलवार को खुलासा कर दिया गया। इस मामले में हत्यारोपी प्रेमी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया और उसके पास से मृतका की मोबाइल भी पुलिस ने बरामद किया है। पकड़े जाने के बाद हत्यारोपी द्वारा जुर्म कबूल कर लिया गया। हत्यारोपी को पकड़ने वाली पुलिस टीम को एसपी ग्रामीण द्वारा 5000 रुपए पुरस्कार दिए जाने की घोषणा भी की गई।

ऑटो चालक है विवाहिता का हत्यारोपी
पुलिस अधीक्षक वाराणसी ग्रामीण द्वारा बताया गया कि पुलिस टीम द्वारा पकड़े जाने पर मीरापुर बसहीं थाना शिवपुर निवासी हत्यारोपी राजकुमार यादव ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी 10 साल पहले पायल विश्वकर्मा के साथ हुई थी। पायल के घर वालों ने राजकुमार यादव को एक ऑटो चलाने के लिए दिया था। ऑटो चलाकर राजकुमार परिवार का पालन पोषण करता था। इसी बीच उसकी मुलाकात अर्चना पटेल से हो गई और धीरे-धीरे दोनों में नजदीकियां बढ़ने लगी और दोनों एक दूसरे से प्रेम करने लगे।

बियर पिलाने के बाद कर दी हत्या
राजकुमार यादव ने पुलिस को बताया कि अर्चना पटेल और वह काफी समय से एक दूसरे से बात और मुलाकात भी करते थे। राजकुमार ने यह भी कहा कि वह जो भी कमाई करता था वह अर्चना के ऊपर खर्च कर देना था। कुछ दिन पूर्व अर्चना द्वारा अपनी बहन की इलाज के लिए 40 हजार रुपए की डिमांड की गई। अर्चना द्वारा राजकुमार के ऊपर लगातार रुपए देने का दबाव बनाया जाने लगा। रुपए ना देने पड़े जिसके चलते राजकुमार ने अर्चना की हत्या करने की ठान ली। शुक्रवार को उसने अर्चना को तुलसी विहार कॉलोनी में मिलने के लिए बुलाया। वहीं पर उसने अर्चना को बियर पिलाया और नशे में हो जाने पर अर्चना के दुपट्टे से ही गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।

इसलिए रिंग रोड किनारे फेंक दिया था लाश
हत्यारोपी राजकुमार ने बताया कि अर्चना की मौत हो जाने के बाद वह पुलिस की पकड़ से बचने के लिए अर्चना की लाश को लेकर हरहुआ रिंग रोड चौराहे पर पहुंचा। वहां से वह राजातालाब की तरफ जाने लगा। रास्ते में अनंतपुर गांव के पास सुनसान इलाका दिखाई देने पर वह वहीं पर लाश का ऑटो से उतारा और रिंग रोड किनारे बने नाले में फेंक कर फरार हो गया।

मोबाइल नंबर के चलते पकड़ा गया हत्यारोपी
दरअसल शिवपुर थाना क्षेत्र के नवलपुर गांव की रहने वाली अर्चना पटेल(30) की शादी प्रयागराज में हुई थी। शादी के बाद से ही अर्चना और उसके पति में अनबन हो जाने के चलते अर्चना अपने मायके में ही रहती थी। शुक्रवार को दोपहर में वह अपने मायके से गायब हो गई थी शाम तक वापस न लौटने पर उसके घरवालों ने शिवपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। दूसरे दिन मीडिया में खबर प्रकाशित होने के बाद उसके परिजनों ने उसकी शिनाख्त की। उसके बाद मृतका के मोबाइल नंबर के आधार पर पुलिस को हत्यारोपी तक पहुंचने में सफलता मिली।












Click it and Unblock the Notifications