Varanasi Airport पर मिक्सर और पास्ता मेकिंग मशीन से एक करोड़ से अधिक का सोना जब्त, दो गिरफ्तार
Varanasi Airport: वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कस्टम टीम को सोमवार रात्रि में बड़ी सफलता मिली। कस्टम टीम ने शारजाह से वाराणसी पहुंचे यात्रियों की जांच के दौरान 2 यात्रियों के पास से एक करोड़ 39 लाख रुपए से अधिक का सोना बरामद किया है।
बरामद सोना कस्टम टीम द्वारा जप्त कर लिया गया तथा दोनों यात्रियों के खिलाफ भी आवश्यक कार्रवाई की गई। काफी समय बाद एयरपोर्ट पर कस्टम टीम द्वारा इतनी बड़ी बरामदगी हुई है। फिलहाल एक करोड़ रुपए से अधिक का सोना बरामद होने को लेकर एयरपोर्ट ही नहीं आसपास के इलाकों में भी तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं।

दरअसल, मौजूदा समय में वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर केवल शाहजाह के लिए ही अंतरराष्ट्रीय विमान संचालित होती है। सोमवार को रात में इसी विमान से वाराणसी पहुंचे यात्रियों की कस्टम टीम द्वारा जांच पड़ताल की जा रही थी। अधिकारियों के अनुसार फ्लाइट आइएक्स 184 रात में 8:15 बजे वाराणसी एयरपोर्ट पहुंची थी।
फ्लाइट के वाराणसी एयरपोर्ट पर पहुंचने के बाद कस्टम टीम द्वारा मुख्य टर्मिनल भवन में आने वाले यात्रियों की जांच-पड़ताल प्रारंभ की गई। इस दौरान एक्सरे के दौरान दो व्यक्तियों के सामानों में सोना रखे होने की जानकारी हुई। उसके बाद कस्टम टीम द्वारा दोनों यात्रियों से पूछताछ शुरू की गई तो यात्रियों ने ऐसी किसी बात से इनकार कर दिया।
कस्टम टीम द्वारा दोनों यात्रियों और उनके सामानों को रोक लिया गया। अन्य यात्रियों की जांच पड़ताल करने के बाद जब उन दोनों यात्रियों के सामानों को खोलकर देखा गया तो बाराबंकी निवासी मोहम्मद कयास नामक विमान यात्री के बैग में रखे पास्ता मेकर मशीन में 920 ग्राम सोना छुपाया गया था। बरामद सोने की कीमत 54 लाख से अधिक बताई गई।
इसी तरह भोजपुर बिहार के रहने वाले राम बहादुर पासवान के बैग की भी जांच की गई तो पता चला कि राम बहादुर ने मिक्सर ग्राइंडर के अंदर एक किलो से अधिक सोना छुपाया था। रामबहादुर के पास से बरामद सोने की कीमत 85 लाख रुपए बताई गई। सोना बरामद करने के बाद कस्टम टीम द्वारा उसे जप्त कर लिया गया।
एयरपोर्ट के अधिकारियों द्वारा बताया गया कि 2 यात्रियों के पास से सोना बरामद किया गया था बरामद सोने की कीमत एक करोड़ 39 लाख 94416 रुपए है। यह भी कहा गया कि दोनों यात्रियों के खिलाफ कस्टम टीम द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications