Varanasi News : कम पैसे देकर ज्यादा पैग गटक गया दोस्त तो साथी शराबियों ने ले ली जान
शराब पीने के दौरान हुए विवाद में साथियों ने अपने दोस्त की हत्या कर शव वरुणा नदी में फेंक दिया। इस मामले में पुलिस ने शनिवार को आरोपी दोस्तों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया।

अधिक शराब पीने के कारण भदोही के एक युवक की उसके दोस्तों ने Varanasi में हत्या कर दी। हत्या करने के बाद उसके शव को वरुणा नदी में फेंक दिया। इस मामले में पुलिस ने शनिवार को शराब के ठेके पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के आधार पर हत्यारे दोस्तों को गिरफ्तार करते हुए घटना का खुलासा किया। डीसीपी गोमती जोन विक्रांत वीर ने बताया कि दोस्तों के बीच शराब पीने को लेकर विवाद हुआ, इसके बाद दोस्तों ने युवक की हत्या कर उसकी लाश वरुणा नदी में फेंक दी थी।

15 जनवरी को बड़ागांव थाना क्षेत्र में मिला था शव
दरअसल, भदोही निवासी एक युवक का शव बीते 15 जनवरी को वाराणसी जिले के बड़ागांव थाना अंतर्गत वरुणा नदी में बलुआ घाट मिला था। युवक गायब होने के मामले में 8 जनवरी को कपसेठी थाने में गुमशुदगी का मुकदमा दर्ज किया गया था। नदी में शव मिलने के बाद इस मामले में कपसेठी थाने में 22 जनवरी को अज्ञात लोगों के खिलाफ पुलिस द्वारा हत्या का मुकदमा दर्ज करते हुए जांच पड़ताल शुरू की गई। जांच पड़ताल के दौरान शराब ठेके पर मिले सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने उसके साथ दिखाई दे रहे दो कपसेठी थाने के बनौली निवासी मुन्ना राम और भगावन राम को हिरासत में लिया। पकड़े जाने के बाद पुलिस द्वारा दोनों युवकों से पूछताछ की गई तो सच्चाई सामने आई।

पैसा दिया कम और शराब गटक गया ज्यादा
पुलिस द्वारा पूछताछ के बाद दोनों अभियुक्तों ने बताया कि 5 जनवरी को रंजीत सिंह की मुलाकात उन दोनों से हुई थी। मुलाकात के दौरान रंजीत पहले से ही शराब के नशे में था और उसने दोनों लोगों से शराब पीने के लिए कहा। उसके बाद चंदा लगाकर तीनों ने शराब खरीदा और शराब पीने के लिए वरुणा नदी के किनारे गए। आरोपियों ने बताया कि शराब पीने के दौरान रंजीत अधिक शराब पीने के लिए कहने लगा। वह पहले से ही नशे में था और अपने से पैग बनाकर अधिक शराब पीने लगा। मना करने पर वह गाली गलौज देने लगा जिससे दोनों साथियों को गुस्सा आ गया। गुस्साए साथियों ने पास में रखे ईंट को उठाया और उसके सिर पर वार कर दिया। वार लगने के बाद ही रंजीत जमीन पर गिर गया। उसके बाद लोगों ने उसके शव को उठाकर बरोड़ा नदी में फेंक दिया।

स्कूटी जलाकर सूखे कुएं में फेंक दिए
रंजीत के हत्या करने के बाद हत्यारोपी मुन्ना राम और भगवान राम उसकी स्कूटी व अन्य सामानों को वहां से उठाकर लेकर चले गए और अपने गांव में पहुंचने के बाद दोनों ने स्कूटी में आग लगा दी और स्कूटी जलाने के बाद एक बोरे में भरकर स्कूटी के मलबे को सूखे कुएं में फेंक दिए। पकड़े गए हत्या आरोपियों के निशानदेही पर पुलिस ने उपरोक्त सूखे कुएं से जली हुई स्कूटी के पार्ट्स को बरामद किया। पुलिस ने अभी बताया कि इस घटना का मुख्य आरोपी मुन्ना राम हत्या के एक मामले में आजीवन कारावास की सजा भुगत रहा था और अभी हाल ही में वह जमानत पर छूटा हुआ था। पुलिस अधिकारियों द्वारा बताया गया कि पकड़े गए अभियुक्तों के खिलाफ पुलिस द्वारा आवश्यक और विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Recommended Video













Click it and Unblock the Notifications