वाराणसी: साड़ी कारखाने में आग लगने से पिता-पुत्र समेत 4 की मौत, CM योगी ने 4-4 लाख मुआवजे का किया ऐलान
वाराणसी, 14 अप्रैल: वाराणसी के अशफाक नगर में गुरुवार को एक घर में आग लग गई। हादसे में चार लोगों की झुलसकर दर्दनाक मौत हो गई। तीन लोग बुरी तरह से घायल हो गए हैं। घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे में हुए जनहानि पर शोक जताया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। साथ ही राज्य आपदा निधि से प्रत्येक मृतक के परिजन को चार लाख रुपए राहत राशि देने का निर्देश दिया है।

खाना बनाते समय कमरे में लगी आग
वाराणसी के डीएम कौशल राज शर्मा ने बताया कि मोहल्ला अशफाक नगर में एक घर के कमरे में साड़ी फिनिशिंग का कार्य किया जा रहा था। इसी कमरे में खाना बनाते समय सुबह आग लग गई, जिससे अंदर ही बिजली के तारों में आग लग गई। कमरे में मौजूद लोग आग की लपटों में घिर और बाहर नहीं निकल पाए। स्थानीय लोगों ने संकरी गली में स्थित कमरे में पानी डाल कर किसी तरह आग बुझाई और गैस सिलेंडर बाहर सुरक्षित निकाल लिया।
पिता-पुत्र समेत 4 लोगों की मौत
हादसे में मदनपुर के 45 वर्ष के व्यक्ति उनका 22 वर्ष का पुत्र, अररिया बिहार के रहने वाले 18 वर्ष और 17 वर्ष के दो साड़ी का काम करने वाले युवक शामिल थे। डीएम के अनुसार शाम तक इनका पोस्टमार्टम करा कर परिजनों को सौंप दिया जाएगा। स्थानीय लोगों के अनुसार, आग में घिरे चारों व्यक्तियों की मौत कमरे के अंदर ही आग बुझने से पहले ही हो चुकी थी। वहीं आग की जद में आए सभी लोगों का शव बुरी तरह झुलसा हुआ बरामद किया गया। हादसे की जानकारी होते ही अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और हादसे का जायजा लिया। मुख्यमंत्री कार्यालय के ऑफिशियल ट्विटर हैंडल से ट्वीट किया गया, #UPCM श्री @myogiadityanath जी ने वाराणसी के भेलुपुरा में गैस सिलेंडर फटने से हुई लोगों की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए उनके परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री जी ने राज्य आपदा निधि से प्रत्येक मृतक के परिजन को ₹4 लाख राहत राशि देने का निर्देश दिया है।












Click it and Unblock the Notifications