UP: एक क्लिक पर मिलेगी किसान की जमीन से लेकर उसमें लगी फसल तक की जानकारी, जानिए क्या है योगी सरकार की नई योजना
UP News Hindi: यूपी में आने वाले किसानों के भूमि तथा फसलों की जानकारी अब आनलाइन मिलेगी। इसके लिए उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा तैयारियां की जा रही हैं। बताया जा रहा है कि किसानों के खेत के साथ ही उनके खेत में लगाई गई फसलों की जानकारी भी ऑनलाइन रहेगी।
कहा जा रहा है कि ऑनलाइन डेटा उपलब्ध होने से किसानों के खेत और उनके खेतों में लगी फसल से जुड़ी जानकारी एक क्लिक पर सामने आ जाएगी। इस सुविधा के शुरू होने के बाद जहां किसानों को कई तरह के लाभ मिलेंगे, वहीं फसलों का सटीक आकलन भी किया जा सकेगा।

कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने मीडिया को इसकी जानकारी देते हुए बताया कि उत्तर प्रदेश के किसानों का डिजिटल डेटाबेस तैयार करने की योजना बनाई जा रही है। इसके अलावा खेतों में लगी फसलों का जीआईएस आधारित रियल टाइम सर्वे कराने की भी योजना है।
बताया गया कि पहले चरण में यह योजना उत्तर प्रदेश के 21 जिलों में लागू की जाएगी। इसके अलावा राज्य के 54 जिलों की 10-10 ग्राम पंचायतों में डिजिटल सर्वेक्षण भी किया जाएगा। यह भी बताया गया कि यह काम 15 अगस्त से शुरू हो जायेगा।
मंत्री ने कहा कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य किसानों को सभी सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। इसके चलते आसान प्रक्रिया में किसानों को सस्ता ऋण मिल जाएगा। इसके अलावा उच्च गुणवत्ता वाले कृषि उपज बाजार तक पहुंच जाएंगे।
आपको यह भी बता दें कि इससे पहले देश के 12 राज्यों में पायलट प्रोजेक्ट के तहत डिजिटल फसल सर्वेक्षण कराया जा रहा है। अब यह योजना यूपी में भी शुरू की जानी है। इसके लिए जो भी डेटा तैयार किया जाएगा, उसमें से 5 फीसदी डेटा को थर्ड पार्टी एजेंसी द्वारा वेरिफाई किया जाएगा।
यूपी के इन जनपदों में कराया जाएगा सर्वे
इसके लिए वाराणसी, भदोही, जौनपुर, प्रतापगढ़, मिर्जापुर, जालौन, फर्रुखाबाद, अयोध्या, चंदौली, बस्ती, झांसी, हरदोई, देवरिया, गोरखपुर, सुल्तानपुर, महोबा, औरैया, संतकबीरनगर, मुरादाबाद, जालौन, चित्रकूट आदि जनपदों में सर्वे कराया जाएगा। इसके अलावा चयनित किए गए जनपदों के साथ ही अन्य 54 जनपदों के चयनित किए 10-10 गांव में भी पायलट प्रोजेक्ट के तहत योजना का संचालन किया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications