BHU अस्पताल में चौथे दिन भी डॉक्टरों की हड़ताल जारी, इलाज कराने आए मरीज और परिजन परेशान
Varanasi BHU News: काशी हिंदू विश्वविद्यालय में स्थित सर सुंदरलाल अस्पताल की इमरजेंसी में जूनियर डॉक्टरों से मारपीट के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर डॉक्टर नाराज हैं। नाराज डॉक्टर चौथे दिन भी धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। डॉक्टरों की हड़ताल के चलते मरीजों और उनके तीमारदारों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
डॉक्टरों द्वारा मांग की जा रही है कि जूनियर डॉक्टरों के साथ मारपीट करने वाले आरोपियों को गिरफ्तार करने के साथ ही उनके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाए। हालांकि डॉक्टरों को समझाने और हड़ताल खत्म करने के लिए अस्पताल प्रशासन कई बार बैठक कर चुकी है, लेकिन डॉक्टर अपनी मांग पर अड़े हुए हैं।

डॉक्टरों द्वारा मांग की जा रही है कि जब तक घटना में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया जाता है तब तक धरना और विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। वहीं गंभीर रूप से बीमार मरीजों के परिजन डॉक्टर के सामने अनुनय विनय करते नजर आ रहे हैं बावजूद उसके डॉक्टर उपचार नहीं कर रहे हैं।
डॉक्टरों की हड़ताल के चलते पूर्वांचल समेत बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश से आने वाले मरीज काफी परेशान हैं। मरीज को लेकर अस्पताल में पहुंचे परिजन डॉक्टर के हड़ताल खत्म होने का इंतजार कर रहे हैं। हालांकि जिन मरीजों का घर नजदीक है वे अपने घर वापस लौट जा रहे हैं।
रात में इलाज कराने के लिए किए थे मारपीट
दरअसल, बीते दिनों बीएचयू के सर सुंदर लाल अस्पताल में रात में जूनियर डॉक्टर मरीज का उपचार कर रहे थे। इसी दौरान वहां पर कुछ छात्र पहुंच गए और छात्रों द्वारा अपने बीमार परिजन का पहले उपचार करने का दबाव बनाया जाने लगा। इस दौरान जूनियर डॉक्टर ने उन्हें बाहर जाने के लिए कहा जिस पर वे लोग जूनियर डॉक्टरों के साथ मारपीट किए।
मारपीट में पांच डॉक्टर और दो महिलाएं घायल हो गई थीं। घायलों को रात में ही बीएचयू ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार हुआ। उपचार के बाद अगले दिन जूनियर डॉक्टर हड़ताल पर चले गए। उसके बाद से ही बीएचयू अस्पताल में डॉक्टरों का हड़ताल जारी है।
पुलिस का कहना है कि अस्पताल की इमरजेंसी में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में मारपीट की घटना कैद हुई थी। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मारपीट करने वाले आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास जारी है। एसीपी भेलूपुर द्वारा बताया गया कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications