Dengue ने पुलिस को भी नहीं बख्शा, 29 पुलिसकर्मी हुए बीमार, पेशकार को लेकर CP पहुंचे अस्पताल
Dengue वाराणसी में तेजी से पांव पसार रहा है। आलम यह है कि सरकारी अस्पताल में बनाए गए डेंगू वार्ड फुल हो चुके हैं, शनिवार को पुलिस कमिश्नर अपने पेशकार को खुद अस्पताल में भर्ती कराए
Dengue वाराणसी में तेजी से पांव पसार रहा है। आलम यह है कि सरकारी अस्पताल में बनाए गए डेंगू वार्ड फुल हो चुके हैं। जहां आम नागरिक डेंगू से परेशान हैं वहीं पुलिसकर्मी भी इससे अछूते नहीं हैं। वर्तमान समय में वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट के 29 पुलिसकर्मी डेंगू की चपेट में हैं। पुलिस कर्मियों के साथ ही आम नागरिकों को घर के आसपास साफ-सफाई करने के लिए जागरुक किया जा रहा है। शनिवार को पुलिस कमिश्नर अपने पेशकार को दीनदयाल अस्पताल में देखने पहुंचे और वहां से उन्हें छुट्टी कराने के बाद एक निजी अस्पताल में भर्ती कराए।

14 हजार से कम हो गया था प्लेटलेट
बता दें कि पुलिस कमिश्नर ए. सतीश गणेश के पेशकार अशोक कुमार यादव भी डेंगू से ग्रसित हैं। उनको पंडित दीनदयाल राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया था, जहां उनका उपचार चल रहा था। शनिवार को पुलिस कमिश्नर को पता चला कि उनके पेशकार अशोक यादव का प्लेटलेट 14000 पहुंच गया है। ऐसे में पुलिस कमिश्नर दीनदयाल राजकीय अस्पताल पहुंच गए। वहां पर उन्होंने अशोक यादव के परिजनों से बातचीत किया, उसके बाद एंबुलेंस से लेकर वे अशोक को अर्दली बाजार स्थित एक निजी चिकित्सालय में पहुंचे। वहां भर्ती कराने के साथ ही उन्होंने चिकित्सकों से कहा कि अशोक यादव की बेहतर तरीके से इलाज की जाए और इलाज में किसी प्रकार की कोताही न बरती जाए। उन्होंने चिकित्सकों से यह भी कहा कि अशोक यादव हमारे परिवार के सदस्य हैं।

बीमार होने पर लापरवाही हो सकती है जानलेवा
यह भी बता दें कि सीएमओ कार्यालय द्वारा डेंगू को लेकर लगातार लोगों को अलर्ट किया जा रहा है। सीएमओ द्वारा पूर्व में जारी निर्देश में बताया गया था कि जिले के सभी सरकारी और निजी अस्पताल संचालकों द्वारा डेंगू मरीजों की पुष्टि के लिए उनके ब्लड सैंपल को आईएमएस बीएचयू भेजा जाए। आईएमएस बीएचयू स्थित माइक्रोबायोलॉजी विभाग की सेंटिनल सर्विलांस प्रयोगशाला और पंडित दीनदयाल राजकीय चिकित्सालय में स्थित एसएचएच प्रयोगशाला में भेजा जाए। दोनों जगह ब्लड सैंपल की जांच एलाइजा विधि द्वारा की जाएगी। तेजी से बढ़ रहे डेंगू के मामलों को देखते हुए यह भी बताया गया कि बीमार होने और डेंगू जैसे लक्षण दिखाई देने के बाद लापरवाही जानलेवा हो सकती है। नजदीकी अस्पताल में पहुंचकर दवा लेने के साथ ही जांच जरुर कराएं।

निवास स्थान के समीप न जमा होने पाए गंदा पानी
सीएमओ डॉ संदीप चौधरी द्वारा लोगों से यह अपील की गई है कि अपने निवास स्थान के समीप या अपने आसपास कहीं भी लंबे समय तक पानी को इकट्ठा ना होने दें। उन्होंने यह भी कहा कि यदि कहीं पर पानी जमा हो रहा है या मच्छर पनप रहे हैं तो उन्हें तत्काल नष्ट कर दें। मच्छरों से बचने के लिए सभी लोग पूरी आस्तीन के कपड़े पहनें, जिससे मच्छर उन्हें न काटने पाए।












Click it and Unblock the Notifications