काशी की गरिमा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन और जनप्रतिनिधि समन्वय से करें काम- सीएम योगी
Varanasi News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को वाराणसी पहुंचे। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि 18 जून को वाराणसी में होने वाले प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएं।
उन्होंने राजातालाब के मेहंदीगंज में आयोजित होने वाले "किसान संवाद" कार्यक्रम के दौरान छाया, हवा, पानी आदि की पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। साथ ही कहा कि कार्यक्रम में आने वाले लोगों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।

इसके अलावा वाराणसी में बैठक करते हुए मुख्यमंत्री ने नगर निगम को निर्देश दिया कि तीसरी बार शपथ लेने के बाद प्रधानमंत्री के प्रथम काशी आगमन पर पूरे शहर में भव्य स्वागत की तैयारी की जाए तथा बकरीद पर्व को देखते हुए पर्व से पहले और बाद में विशेष साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
त्योहार और प्रधानमंत्री के आगमन को देखते हुए उन्होंने पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के निर्देश दिए। शहर में पेयजल समस्या के तत्काल समाधान के निर्देश दिए। बिजली की समस्या को देखते हुए सीएम ने निर्बाध बिजली आपूर्ति के निर्देश दिए और यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि किसी भी हालत में बिजली कटौती न हो। अन्यथा जवाबदेही तय की जाएगी।
इस दौरान जिलाधिकारी एस राजलिंगम ने जिले में निर्माणाधीन कुल 63 परियोजनाओं की प्रगति से मुख्यमंत्री को अवगत कराया। मुख्यमंत्री ने काशी सम्पर्क परियोजनाओं में मानक के अनुरूप निर्माण कार्य कराए जाने पर सम्बन्धित कार्यदायी संस्थाओं पर विशेष जोर दिया। उन्होंने फोरलेन सड़क के निर्माण कार्य को ही नहीं, बल्कि आसपास की कालोनियों व मोहल्लों को भी ध्यान में रखा।
उन्होंने निर्देश दिए कि नालियों व चैम्बरों को ढककर रखा जाए, ताकि जनता द्वारा फुटपाथ के रूप में इसका उपयोग सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने सभी कार्यदायी संस्थाओं को कार्य की गुणवत्ता व समयावधि का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चल रही सभी परियोजनाओं पर मैनपावर की समुचित व्यवस्था करते हुए कार्य में तेजी लाई जाए।
उन्होंने निर्माणाधीन परियोजनाओं को समय से पूरा करने के लिए प्रत्येक स्तर पर जवाबदेही सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माणाधीन प्रत्येक परियोजना के लिए जिला स्तर पर नोडल अधिकारी नामित किए जाएं, जो समय-समय पर इसकी प्रगति व गुणवत्ता की निगरानी करें। शहर में सुचारू यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए उन्होंने ट्रैफिक जाम की समस्या का उचित समाधान निकालने के साथ ही इसके लिए जवाबदेही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।












Click it and Unblock the Notifications