BHU के छात्रों ने क्षारसूत्र चिकित्सा केंद्र में लगाया ताला, सीट बढ़ाने की मांग पर अड़े
BHU के चिकित्सा विज्ञान संस्थान के आयुर्वेद संकाय के छात्र सीट वृद्धि को लेकर पिछले एक सप्ताह से धरना प्रदर्शन कर रहे हैं, सोमवार को छात्रों ने ओपीडी में ताला जड़ दिया
BHU के चिकित्सा विज्ञान संस्थान के आयुर्वेद संकाय के छात्र सीट वृद्धि को लेकर पिछले एक सप्ताह से धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। धरना प्रदर्शन करने के दौरान उनकी अबतक सुनवाई नहीं हुई, जिससे नाराज छात्र सोमवार को बीएचयू में स्थित राष्ट्रीय क्षारसूत्र चिकित्सा संसाधन केंद्र पर पहुंचे और गेट में ताला लगा दिए। इस दौरान नाराज छात्रों ने वहां पर जमकर नारेबाजी भी की। ताला खोलने पहुंचे चीफ प्रॉक्टर और सुरक्षाकर्मियों से छात्रों की जमकर झड़प भी हुई। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। छात्र वहां से हटने को तैयार नहीं है, हालांकि दोपहर तक उन्हें समझाने का प्रयास चलता रहा।

देख कर भी अनदेखा करते हैं कुलपति
छात्रों ने आरोप लगाया कि पिछले एक सप्ताह से कुलपति आवास के समीप सीट वृद्धि के लिए धरना प्रदर्शन किया जा रहा है। वहीं से प्रतिदिन कुलपति गुजरते हैं और अन्य संबंधित अधिकारियों का भी आवागमन होता है। बावजूद इसके कोई भी संबंधित अधिकारी छात्रों से बात करने नहीं आया। ऐसे में कोई रास्ता न निकलता देख छात्रों ने सोमवार को राष्ट्रीय क्षारसूत्र चिकित्सा संसाधन केंद्र में ताला जड़ दिया।
पुलिस द्वारा भी समझाने का किया गया प्रयास
ताला बंद करके छात्र गेट पर धरने पर बैठ गए। वहां पर चीफ प्रॉक्टर अभिमन्यु सिंह पहुंचे और छात्रों को हटाने का प्रयास किए लेकिन छात्र नहीं हटे। सूचना के बाद काशी हिंदू विश्वविद्यालय में तैनात सुरक्षाकर्मी भी वहां पहुंचे और बंद किए गए ताला को तोड़ने का प्रयास भी किए। इस दौरान सुरक्षाकर्मी और छात्रों में कहासुनी भी हुई। बाद में इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलने के बाद एसीपी भेलूपुर प्रवीण सिंह मौके पर पहुंचे और छात्रों से बात करते हुए उन्हें समझाने का प्रयास किए। दोपहर बाद तक छात्र वहां से हटने के लिए तैयार नहीं हुए। छात्रों का कहना था कि पिछले 5 साल से सीट वृद्धि की मांग की जा रही है लेकिन अभी तक इस पर कोई निर्णय नहीं लिया गया है ऐसे में अब जब तक इस पर निर्णय नहीं लिया जाएगा तब तक धरना प्रदर्शन जारी रहेगा।












Click it and Unblock the Notifications