सपा ने बनाया है महाठगबंधन, अखिलेश को करहल सीट पर हराएंगे भाजपा प्रत्याशी: अनुराग ठाकुर
वाराणसी, 11 फरवरी: केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने शुक्रवार को शहर के सिगरा इलाके में भाजपा के लिए चुनाव प्रचार किया। अनुराग ठाकुर ने प्रचार के दौरान स्टेडियम के पास लोगों से जनसम्पर्क किया और बीजेपी के पैम्पलेट भी बांटे। भाजपा के चुनाव प्रचार के बाद अनुराग ठाकुर ने मीडिया से बात की। उन्होंने विपक्ष पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि 2014 से लगातार चुनावों में करारी शिकस्त पाने के बावजूद विपक्ष अब भी चुनावी ताल ठोकने का दावा करता है जबकि देश और प्रदेश की जनता ने मोदी जी और योगी जी के सामने सभी को नकार दिया है।

राहुल और प्रियंका पर साधा निशाना
अनुराग ठाकुर अपने दो दिनों के वाराणसी दौरे पर रहे। इस दौरे पर गुरुवार को उन्होंने बीजेपी के चुनाव कार्यालय के उद्घाटन में भी हिजाब को लेकर पूछे गए सवाल पर कहा था कि हर चुनाव में विपक्ष कोई न कोई मुद्दा बनाता है और इस चुनाव में हिजाब मुद्दा बना कर सियासत कर रहा है। प्रियंका गांधी ने बिकिनी भी पहनने की वकालत की जिस पर अनुराग ठाकुर ने जबाब देते हुए कहा कि कुछ लोग बयान देने के पहले कुछ भी नही सोचते, स्कूल और कॉलेज यूनिफॉर्म और डिसिप्लिन से चलते है। हिजाब को बिकिनी से जोड़ बयान देने वाले लोग बिना सोचे समझे बयान देते हैं। ये वह लोग है जो 2014 से लेकर 2022 तक हर चुनाव में हार का सामना किये हैं। मोदी जी की लोकप्रियता को पचा नही पा रहे है, यह लोग हर चुनाव में कभी बिकनी कभी हिजाब, कभी सीएए तो कभी राफेल की बात करते हैं। लेकिन जनता इन्हें कभी स्वीकार नहीं करती क्योकि यह लोग जनकल्याण की बात नहीं करते सिर्फ तुष्टीकरण की राजनीति करते हैं। राहुल गांधी पर भी निशाना साधते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा कि राहुल गांधी देश की संवैधानिक संस्थाओं से लेकर चुनाव आयोग और कोर्ट तक पर प्रश्नचिन्ह खड़ा करते है। ये हार की छटपटाहट है जो विपक्ष के नेताओ पर साफ दिखती है।
'चुनाव हार जाएंगे अखिलेश'
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर के आशीष की जमानत को ब्राह्मण कार्ड बताये जाने पर कहा कि चाहे किसी स्टार के बेटे की बात हो या नेता या फिर आम आदमी, जमानत तो कोर्ट केस के तथ्यों के आधार पर देता है, हम सभी को न्यायपालिका पर विश्वास है। वहीं अखिलेश यादव को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि इस चुनाव में अखिलेश यादव करहल सीट से चुनाव हार जायेंगे क्योकि हमने जिस प्रत्याशी को उनके खिलाफ मैदान में उतारा है वह लोकप्रिय हैं और बघेल जी जनता के बीच चुनाव लड़कर जीत कर विधानसभा और लोकसभा तक आये है। यह देख विपक्ष अब अपराधियों का समर्थन कर रही है। कुछ तो अपने सहयोगियों से अपराधियों को टिकट दिला रहे हैं। कांग्रेस-सपा-बसपा और आपराधिक छवि के लोग प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से मिलकर चुनाव लड़ रहे है। ऐसा महाठगबंधन 2017 और 2019 में भी हुआ था लेकिन जनता समझदार है जो ठगी में झांसे में नहीं आएगी।
ममता बनर्जी और जयंत पर भी तंज
ममता बनर्जी की सपा के पक्ष में वोट करने की अपील को लेकर अनुराग ठाकुर ने कहा कि वो तो यूपी को गुंडा कहती है और अखिलेश यादव उनका समर्थन ले रहे है। एक तरफ पश्चिम बंगाल में दंगे होते है और गुंडों को समर्थन मिलता है वहीं दूसरी तरफ सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और मुख्यमंत्री रह चुके अखिलेश यादव के राज में उन्हें गुंडों का समर्थन मिलता है और अपराधियों को बढ़ावा मिलता है। चुनाव प्रचार में बिजी रहने और अपने मताधिकार का प्रयोग न करने पर रालोद प्रमुख और सपा के सहयोगी जयंत चौधरी पर निशाना साधते हुए कहा कि ऐसे लोग जो अपना वोट ही डालने बूथ पर नहीं गए आप सभी समझ रहे होंगे कि जनता को उनका वोट कितना मिला होगा।












Click it and Unblock the Notifications