Varanasi News: Number Plate पर जाति का नाम लिखने वाले हो जाएं सावधान, गाड़ी होगी सीज और दोगुना होगा चालान
वाराणसी में वाहनों की नंबर प्लेट पर अपनी जाति और पार्टी का नाम लिखकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि ऐसे वाहनों को सीज किया जाएगा और चालान की राशि भी दोगुनी कर दी जाएगी।

वाहनों के Number Plate पर जाति और पार्टी विशेष का नाम लिखकर चलने वालों के खिलाफ कार्रवाई के लिए परिवहन विभाग के अधिकारियों द्वारा निर्देश जारी किया गया है। अब वाहनों के नंबर प्लेट पर यदि जाति या पार्टी का नाम लिखा हुआ पाया जाएगा तो वाहन को सीज कर दिया जाएगा। दोबारा पकड़े जाने पर चालान की राशि भी दोगुनी कर दी जाएगी।

प्रेस और पुलिस लिखे वाहनों पर भी कार्यवाई
यह भी बता दें कि केवल जाति और पार्टी के नाम लिखकर चलने वालों पर ही नहीं बल्कि पत्रकार पुलिस प्रेस और सरकारी विभाग का नाम भी यदि वाहनों के नंबर प्लेट पर लिखा हुआ पाया जाएगा तो कार्रवाई की जाएगी। इस बारे में वाराणसी के एआरटीओ प्रवर्तन श्यामलाल द्वारा बताया गया कि हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट ना लगाए जाने और सही तरीके से नंबर न लिखने वाले के खिलाफ 5 हजार के जुर्माने का प्रावधान है, उन्होंने यह भी कहा कि अक्सर यह देखा जाता है कि कई लोग अपने वाहनों के नंबर प्लेट पर अपनी जाति या फिर जिन विभाग में कार्यरत रहते हैं उस विभाग का नाम लिख लेते हैं जो बिल्कुल गलत है। इसके अलावा वाहनों के नंबर प्लेट पर पत्रकार और पुलिस लिखकर भी चलना नियम के खिलाफ है। फिलहाल अब अपर परिवहन आयुक्त द्वारा सभी परिवर्तन अधिकारियों को पत्र जारी कर ऐसे लोगों के खिलाफ कार्यवाही करने का निर्देश दिया गया है। यह भी बताया गया है कि यदि वही वाहन दोबारा उसी हाल में पकड़ा जाता है तो जुर्माने की राशि दोगुनी कर दी जाएगी और तीसरी बार पकड़े जाने पर मुकदमा दर्ज कराने का भी निर्देश दिया गया है।
नंबर प्लेट पर नंबर की जगह लिखा था ठाकुर
यह भी बता दें कि वाराणसी में अक्सर ही सड़कों पर ऐसे वाहन दिख जाते हैं, जिनके नंबर प्लेट पर जातीय वर्ग विशेष या किसी पार्टी का नाम लिखा रहता है। पिछले माह कैंट थाना क्षेत्र के अर्दली बाजार इलाके में इसी तरह एक फॉर्च्यूनर को पकड़ा गया था। फॉर्च्यूनर मालिक द्वारा फॉर्च्यूनर के नंबर प्लेट पर ठाकुर लिखवाया गया था। वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने इसकी फोटो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दी थी, उसके बाद ट्रैफिक विभाग के अधिकारियों ने तत्परता दिखाते हुए अर्दली बाजार में खड़े वाहन कोशिश कर दिया था तथा 28000 रुपए का चालान भी किया गया था। यह भी बता दें कि इसके अलावा पूर्व में भी ऐसे वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है।

'अखिलेश यादव' लिखी गाड़ी की गई थी सीज
यह भी बता दें कि अक्टूबर 2020 में वाराणसी बाबतपुर फोरलेन पर नहर पुलिया के समीप तत्कालीन एसएसपी अमित पाठक ने एक स्कॉर्पियो को पकड़ा था। स्कॉर्पियो के मालिक द्वारा स्कॉर्पियो के नंबर प्लेट पर नंबर की जगह यूपी सीएम अखिलेश यादव लिखा गया था। यह स्कॉर्पियो वाराणसी जिले के हरहुआ ब्लाक अंतर्गत रहने वाले वाजिदपुर के ग्राम प्रधान लालमन यादव की थी। एसएससी द्वारा बड़ागांव थाने की पुलिस को स्कॉर्पियो के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया था। पुलिस द्वारा स्कॉर्पियो को सीज कर दिया गया और चालान भी किया गया था। फिलहाल अब एक बार फिर वाराणसी में जाति और पार्टी तथा विभागों के नाम लिखकर चलने वाले वाहनों की संख्या काफी अधिक हो गई है। बताया जा रहा है कि इसी को ध्यान में रखते हुए अपर परिवहन आयुक्त द्वारा निर्देश जारी किया गया है।
Recommended Video













Click it and Unblock the Notifications