UP News: वाराणसी में 5 साल की मासूम बच्ची से दरिंदगी के बाद हत्या, झाड़ियों में मिली लाश
UP Varanasi News: वाराणसी जनपद के आदमपुर थाना अंतर्गत काशी स्टेशन के समीप झाड़ियों में मंगलवार सुबह मासूम बच्ची की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। प्रथम दृष्टया संभावना जताई जा रही है कि मासूम के साथ दरिंदगी करने के बाद उसकी हत्या की गई है।
घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस के साथ ही फॉरेंसिक टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और डाग स्क्वायड की मदद भी ली गई। अभी तक आरोपी की पहचान नहीं हो पाई है हालांकि पुलिस द्वारा जांच पड़ताल जारी है। घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं।

बताया जा रहा है कि चंदौली जनपद का रहने वाला एक परिवार काशी रेलवे स्टेशन और आसपास के इलाकों में भीख मांग कर जीवन यापन करता है। परिवार के लोग रात में काशी रेलवे स्टेशन और आसपास ही सो जाते हैं। सोमवार की रात में भी परिवार के सदस्य काशी रेलवे स्टेशन पर ही सोए थे।
परिवार के सदस्यों के साथ ही मासूम बच्ची भी सो रही थी। मंगलवार की सुबह उठने के बाद परिजनों को बच्ची नहीं मिली, उसके बाद परिजनों ने उसकी काफी खोजबीन की। खोजबीन के बाद भी उसके बारे में कोई जानकारी नहीं मिली तो परिजन पुलिस के पास पहुंचे और शिकायत दर्ज कराए।
पुलिस से शिकायत करने के बाद परिजन तथा पुलिस बच्ची की खोजबीन में जुटे हुए थे। इसी बीच पता चला कि काशी रेलवे स्टेशन के समीप माल गोदाम के पास झाड़ियां में एक मासूम बच्ची की लाश पड़ी हुई है। परिजन वहां पहुंचे तो बच्चे की लाश देखकर चीखने चिल्लाने लगे।
उसके बाद परिजनों द्वारा पुलिस को सूचना दी गई। बताया जा रहा है कि मासूम बच्ची के शरीर पर आधा से ज्यादा कपड़े फटे हुए थे तथा शरीर पर कई जगह चोट के निशान भी पाए गए। कपड़े फटे होने तथा प्राइवेट पार्ट से रक्तस्राव होने के चलते दुष्कर्म की संभावना जताई जा रही है।
फिलहाल घटनास्थल पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम द्वारा साक्ष्य एकत्र किए गए हैं और बच्ची की लाश को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस द्वारा इलाके के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा। जांच पड़ताल और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications