मकान की नींव खोद रहे थे मजदूर, मिट्टी में दबी मिली बच्चे की लाश
Varanasi news, वाराणसी। काशी के भेलूपुर थानाक्षेत्र में एक निर्माणाधीन मकान में नींव से बच्चे का शव मिलने से हड़कंप मच गया। खबर लगते ही पास में रहने वाले एक शख्स ने मृतक की पहचान अपने 12 साल के लापता बेटे के रूप में की। शख्स ने बताया कि उसका बेटा दो दिन से लापता था। फिलहाल, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

मिट्टी में दबा था बच्चे का शव
दरसअल, भेलूपुर थाना अंतर्गत रानीपुर मोहल्ले के चौरामाई मंदिर के पास अब्दुल वाहिद का मकान निर्माणाधीन है। कुछ दिनों पहले जेसीबी से मकान के लिए नींव की खुदाई हुई थी, लेकिन जब सोमवार को मजदूरों ने नींव की सफाई का काम शुरू किया तो उसी समय मिट्टी के अंदर से शव दिखाई दिया। मजदूरों ने अब्दुल वाहिद के भाई हुसैन अहमद को जानकारी दी, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

घर के बिस्तर में पड़े मिले बच्चे के कपड़े
पुलिस के पहुंचते ही वहां मृतक सलमान के पिता मेराज भी पहुंच गए और मिट्टी के अंदर से निकले शव की शिनाख्त की। मेराज भेलूपुर के बजरडीहा के देवपोखरी स्थित किराए का मकान में रहते हैं। मेराज और रेशमा के चार बच्चों में दो बेटा और दो बेटी हैं, जिनमें सलमान सबसे बड़ा था। उसकी दादी मुन्नी बिस्तर बनाने का काम करती हैं और पिता मेराज रिक्शा चलाकर घर चलाता है। सलमान के कपड़े वहीं पड़े घर के बिस्तर में ही मिले हैं।

घर के बाहर से खेलते-खेलते हुआ था लापता
पिता ने बताया कि दो दिनों पहले सलमान घर के बाहर से खेलते-खेलते सुबह 6 बजे गायब हुआ, जिसके बाद बजरडीहा रिश्तेदारों के यहां खोजा, लेकिन वह नहीं मिला। सोमवार को उसका शव घर से आधा किलोमीटर दूर शाम को पड़ोस के अब्दुल वाहिद के निर्माणाधीन मकान की नींव से खोदाई के वक्त बरामद हुआ।












Click it and Unblock the Notifications