क्या है सितारगंज मामला? जिसे लेकर गर्माई उत्तराखंड की दलित राजनीति
सितारंगज में विधायक के गनर के साथ हुई अभद्रता के मामले में कांग्रेस ने लगाए आरोप
देहरादून, 23 अक्टूबर। उत्तराखंड के सितारंगज में विधायक के गनर के साथ हुई अभद्रता का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इस मामले में कांग्रेस भाजपा पर हमलावर है। कांग्रेस के पूर्व सीएम हरीश रावत ने पूरे मामले को दलित वर्ग से जोड़ते हुए इसे दलितों की आवाज दबाने और कुचलने का आरोप लगाया है। इस मामले में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कार्यकारी अध्यक्ष तिलक राज बेहड़ के नेतृत्व में प्रकाश तिवारी और नारायण सिंह बिष्ट की एक कमेटी बनाई है। कांग्रेस इस प्रकरण को लेकर सडकों पर उतरने का ऐलान कर चुकी हैा

विधायक के गनर के साथ अभद्रता का मामला
उत्तराखंड में सितारगंज विधायक सौरभ बहुगुणा के गनर के साथ अभद्रता के मामले में राजनीति चरम पर है। इस पूरे प्रकरण को कांग्रेस ने भाजपा की दबंगई से जोड़ दिया है। कांग्रेस चुनावी साल में भाजपा पर पूरी तरह से हमलावर है। प्रदेश कांग्रेस ने इस पूरे प्रकरण की निष्पक्षता से जांच करने की मांग करने के साथ ही खुद भी पार्टी स्तर पर एक कमेटी बनाई है। पूर्व सीएम हरीश रावत ने इस प्रकरण को दलित की आवाज कुचलने की घटना करार दिया है। हरीश रावत ने इस पूरे प्रकरण पर सड़क पर उतरकर लड़ाई लड़ने का ऐलान किया है।
पूर्व सीएम हरीश रावत ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा है कि
उत्तराखंड में भाजपा सरकार में यदि आप सड़क टूटी होने की शिकायत करोगे तो भाजपा के विधायक जी, गनर पर हमला बताकर तुम्हारे खिलाफ मुकदमा कर तुम्हें जेल भेज दिया जाएगा। ऐसी घटना सत्येंद्र कुमार, गोठा गांव के एक दलित युवक के साथ घटी है, वो यही गलती कर बैठा कि उसने विधायक जी से सड़क के खराब होने जहां बड़े-बड़े गड्ढे हैं, उन गड्ढों को लेकर के शिकायत की, गनर ने धक्का मार दिया। लोगों ने विरोध किया तो मुकदमा दर्ज करवा दिया गया कि गनर के कपड़े फाड़े गये हैं, बैच उतारा गया है। यह घटना केवल जनता की आवाज दबाने की नहीं है बल्कि दलित को कुचलने की घटना है, आप दलित को इस लायक नहीं समझते हैं कि वो अपनी आवाज़ उठाए और आवाज उठाता है तो आप उसको दबाने के लिए जेल भेज देते हैं। यदि इसी तरीके कमजोर को दबाया जाएगा तो फिर कांग्रेस सड़क पर उतरकर लड़ाई को लेकर के आगे बढ़ेगी।
क्या है मामला-
बीते दिनों उधम सिंह नगर जनपद के सितारगंज विधानसभा के बीजेपी विधायक सौरभ बहुगुणा के गनर अमित कुमार ने सितारगंज कोतवाली में लोका गांव के छह नामजद ग्रामीणों व 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ मारपीट करने, वर्दी फाड़ने सहित विभिन्न आपराधिक धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है। विधायक सौरभ बहुगुणा ने मीडिया को बताया कि, लगातार बरसात के कारण सितारगंज विधानसभा क्षेत्र के कई गांव में बाढ़ के हालात थे, जिस पर वह बाढ़ पीड़ित क्षेत्रों का दौरा कर जब वापस लौट रहे थे तो लोका गांव में सत्येंद्र कुमार के नेतृत्व में कुछ ग्रामीण उनकी गाड़ी के आगे आ गए जब गनर द्वारा उन्हें हटाने का प्रयास किया गया तो उन लोगों ने गनर के साथ बदतमीजी की उसकी वर्दी फाड़ी और मारपीट की। इस मामले पर जमकर राजनीति हो रही है।












Click it and Unblock the Notifications