उत्तरकाशी सिलक्यारा सुरंग को लेकर बड़ा अपडेट,एक साल बाद फिर आई अच्छी खबर, जानिए क्या, कब होगी आर-पार
Good news from Uttarkashi Silkyara Tunnel: उत्तरकाशी जिले में यमुनोत्री हाईवे पर निर्माणाधीन सिलक्यारा सुरंग का निर्माण में अब तेजी आ रही है। दावा किया जा रहा है कि अप्रैल 2025 तक सुरंग का काम पूरा हो सकता है। भूस्खलन के मलबे को निकालने के लिए बनाई जा रही तीसरी ड्रिफ्ट टनल भी 15 फरवरी तक तैयार होने की उम्मीद है।
दो ड्रिफ्ट टनल तैयार हो चुकी हैं, जिनसे सुरंग के अंदर डिवाटरिंग की जा रही है। तीसरी ड्रिफ्ट टनल का निर्माण पांच मीटर तक हो चुका है और अभी लगभग 55 मीटर निर्माण शेष है। निर्माण कंपनी के अनुसार अगर कोई बाधा उत्पन्न नहीं हुई तो अप्रैल तक सुरंग आर-पार हो जाएगी।

उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में यमुनोत्री हाईवे पर निर्माणाधीन सिलक्यारा सुरंग बीते वर्ष 12 नवंबर को देश-दुनिया में चर्चा का केंद्र बन गई थी। उस दिन सुरंग में भूस्खलन होने से 41 श्रमिक सुरंग के अंदर फंस गए थे, जिन्हें 17 दिन तक चले बचाव अभियान के बाद सकुशल बाहर निकाला गया था। इस अभियान में देश विदेश से सभी एक्सपर्ट्स को बुलाया गया और ये देश का सबसे बड़ा रेस्क्यू अभियान बन गया।
इसके बाद सुरंग के भविष्य को लेकर कई तरह की चर्चा होने लगी थी। लेकिन फिर से निर्माण कंपनी ने सभी बाधाओं को दूर करते हुए सुरंग का बचा हुआ काम शुरू किया। तभी से सुरंग के सिलक्यारा छोर पर भूस्खलन का मलबा सुरंग निर्माण में बाधा बना हुआ है।
हादसे के एक वर्ष बाद भी ड्रिफ्ट टनल के जरिये मलबा हटाने का कार्य चल रहा है। हालांकि, सुरंग के दूसरे छोर पोलगांव (बड़कोट) की ओर से खोदाई का कार्य निरंतर जारी है। अब 175 मीटर के करीब सुरंग की खोदाई ही शेष रह गई है। नवयुग कंस्ट्रक्शन कंपनी के परियोजना प्रबंधक राजेश पंवार के अनुसार, सुरंग में प्रतिदिन 1.25 से 1.50 मीटर खोदाई की जा रही है। कार्य में आई तेजी को देखते हुए दावा किया जा रहा है कि जल्द ही टारगेट पूरा कर लिया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications