चार धाम समेत पहाड़ों में भारी बर्फबारी,मैदानों में चटक धूप, जानिए आगे कैसा रहेगा उत्तराखंड के मौसम का हाल
उत्तराखंड में चारधाम समेत तमाम ऊंची चोटियों पर बीते कुछ दिनों से लगातार बर्फबारी हो रही है। बद्रीनाथ, केदारनाथ व गंगोत्री में बर्फबारी की खबर लगातार सामने आ रही है। बदरीनाथ धाम में चार दिनों से लगातार बर्फबारी हो रही है। जिससे धाम में करीब पांच फीट तक बर्फ जम चुकी है।

पहाड़ों में प्रकृति ने एक बार फिर सफेद चादर ओढ़ ली है। हालांकि मैदानी इलाकों में चटक धूप खिल रही है। पहाड़ों पर हिमपात के कारण सुबह-शाम सर्द हवाओं से ठिठुरन बनी हुई है। चोटियों पर हिमपात का दौर भी बना हुआ है। पहाड़ों में भारी बर्फबारी से अब आम जन जीवन भी प्रभावित होने लगा है। इन इलाकों के गांवों का मुख्यालय से संपर्क कट गया है।
चमोली में बदरीनाथ मार्ग भारी हिमपात के कारण अवरुद्ध है। चारधाम के साथ ही हेमकुंड साहिब औली हर्षिल सुक्की टाप आदि क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी जारी है। बर्फबारी के कारण बंद गंगोत्री हाईवे तीन दिन बाद भी नहीं खुल सका है। आज भी बीआरओ की टीम गंगोत्री तक हाईवे खोलने में जुटी है।
बुधवार को सुक्की टॉप तक आवाजाही शुरू होने से स्थानीय लोगों को थोड़ा राहत मिली थी। आज धराली तक आवाजाही सुचारू की गई है। लेकिन गंगोत्री तक रास्ता खोलने में अभी समय लगेगा।
पाले के कारण आवाजाही में अभी भी खतरा बना हुआ है। हाईवे बंद होने से उपला टकनौर के सात गांव सहित गंगोत्री और अंतराष्ट्रीय सीमा का संपर्क जिला मुख्यालय से कटा है।
मौसम विभाग की मानें तो अगले कुछ दिन ज्यादातर क्षेत्रों में चटख धूप खिलने के आसार हैं। पर्वतीय क्षेत्रों में आंशिक बादलों के बीच हल्का हिमपात हो सकता है। मैदानी क्षेत्रों में अगले कुछ दिन अधिकतम तापमान में तेजी से वृद्धि हो सकती है। इसके साथ ही हिमाच्छादित क्षेत्रों में हिमस्खलन की भी चेतावनी जारी की गई है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, गुरुवार से अगले कुछ दिन प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। मैदानी क्षेत्रों में चटख धूप खिलने से तापामन में वृद्धि हो सकती है। उत्तराखंड में चमोली, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमस्खलन की चेतावनी देते हुए आसपास बसे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।












Click it and Unblock the Notifications