उत्तराखंड के पहाड़ों में बारिश और बर्फबारी का दौर जारी, बोर्ड स्टूडेंट्स की मौसम ले रहा इस तरह असली परीक्षा
उत्तराखंड के पहाड़ों में एक बार फिर बारिश और बर्फबारी का दौर जारी है। चारों धाम बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री समेत ऊंचाई वाले क्षेत्रों में कई दिनों से बर्फबारी जारी है। बर्फबारी के बीच मंगलवार से उत्तराखंड की बोर्ड परीक्षाएं शुरू हो गई हैं। जिससे बोर्ड परीक्षा देने वाले छात्रों की असली परीक्षा मौसम ले रहा है। चमोली और उत्तरकाशी के कई केंद्रों में छात्र-छात्राएं बर्फबारी के बीच ही परीक्षा देने के लिए केंद्रों तक गए।

उत्तरकाशी व चमोली के कई गांवों में बर्फ गिरने की सूचना है। जिससे एक बार फिर कड़ाके की ठंड पड़ने लगी है। पहाड़ों में बर्फबारी का असर मैदानी जिलों के मौसम में भी साफ दिखने लगा है। ऐसे में अब मैदानों में भी ठिठुरन बढ़ रही है। देहरादून में भी मौसम में बादलों का असर साफ नजर आया। मंगलवार को दिन भर बादलों का डेरा डाला था। जिससे ठंड फिर लौटकर आने का एहसास हो रहा है।
मंगलवार को चमोली के 50 से अधिक गांवों में बर्फबारी हुई। बर्फबारी होने से ग्रामीणों को मवेशियों के लिए पानी और चारापत्ती की व्यवस्था करना भी मुश्किलों भरा हो गया है। दूसरी ओर उत्तरकाशी जिला मुख्यालय सहित निचले इलाकों में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में फिर बर्फबारी शुरू हुई है। जिससे अब लोगों की मुश्किलें बढ़ने लगी है।
उत्तरकाशी जिले में बर्फबारी के कारण गंगोत्री हाईवे सुक्कीटॉप से आगे बंद है। हर्षिल के चार ग्रामीण मोटर मार्ग बंद चल रहे हैं जिससे ग्रामीणों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उधर, यमुनोत्री धाम सहित आसपास के खरशाली गांव, जानकीचट्टी, नारायणपुरी, फूलचट्टी क्षेत्र में भी बर्फबारी हुई। बदरीनाथ हाईवे पर हनुमान चट्टी से आगे बर्फ हटाने का काम बर्फबारी होने से रुक गया है। जोशीमठ-मलारी हाईवे भी सुरांईथोटा से आगे हाईवे बर्फबारी के कारण बंद है।












Click it and Unblock the Notifications