रोमांच के शौकीनों का इंतजार खत्म, ऋषिकेश में रिवर राफ्टिंग का रोमांच होगा शुरू, जानिए कब से
Rishikesh rafting : रोमांच के शौकीनों के लिए अच्छी खबर है। ऋषिकेश में रिवर राफ्टिंग का रोमांच फिर शुरू होने जा रहा है। गंगा में 27 सितंबर से रिवर राफ्टिंग का रोमांच फिर लौटने वाला है। मानसून के दौरान जुलाई में सुरक्षा को देखते हुए राफ्टिंग पर रोक लगा दी गई थी, लेकिन अब गंगा का जलस्तर सामान्य होने के बाद प्रशासन ने अनुमति दे दी है।
टेक्निकल और जीएनआर कमेटी की टीम ने गंगा में बड़ा ट्रायल किया, जिसमें 10 कयाक और 35 राफ्ट को नदी में उतारा गया और सभी सुरक्षा मानकों को परखा गया। सफल ट्रायल के बाद अब 27 सितंबर से पर्यटक राफ्टिंग का रोमांचक अनुभव ले सकेंगे। जल स्तर बढ़ने के कारण 24 जून को राफ्टिंग पर रोक लगाई गई थी।

उत्तराखंड रिवर राफ्टिंग एवं कयाकिंग नियमावली के तहत एक सितंबर से तीस जून तक गंगा में राफ्टिंग होती है। जिसके लिए पर्यटन विभाग तकनीकी टीम के साथ मिलकर निर्णय लेती हैं। तकनीकी टीम ने मरीन ड्राइव से लेकर खारास्रोत मुनि की रेती तक गंगा नदी में रेकी की।
अभियान में रिवर गाइडों के अलावा पर्यटन विभाग, आईटीबीपी शिवपुरी, वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे। बुधवार को 10 क्याकर्स, छह राफ्टों के साथ करीब 30 लोगों ने मरीन ड्राइव से लेकर खारास्रोत मुनि की रेती तक गंगा नदी में रेकी की।
रेकी के दौरान टीम को गंगा का जलस्तर सामान्य लगा है। टिहरी के जिला साहसिक पर्यटन अधिकारी जसपाल सिंह चौहान ने बताया कि तकनीकी टीम की ओर से रेकी करने के बाद निर्णय लिया गया है कि 27 सितंबर से गंगा में रिवर राफ्टिंग का संचालन शुरू होगा।
पिछले सीजन में 264379 लोगों ने राफ्टिंग का आनंद लिया। सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए राफ्ट के साथ कयाक भी तैनात रहेंगे। वर्तमान में गंगा का जल स्तर 337.50 मीटर है। राफ्टिंग सीजन के दोबारा शुरू होने से न केवल पर्यटकों में उत्साह है, बल्कि होटल व्यवसाय, गाइड, और स्थानीय व्यापारियों में भी रौनक लौटने की उम्मीद है। ऋषिकेश की सड़कों पर पर्यटकों की भीड़ बढ़ेगी और एक बार फिर यह शहर एडवेंचर टूरिज्म का हॉटस्पॉट बनने को तैयार है।












Click it and Unblock the Notifications