Uttarakhand news: भारी बारिश से आफत, सरकार ने उठाया कदम, चारधाम-हेमकुंड साहिब यात्रा पांच सितंबर तक स्थगित
Uttarakhand char dham yatra news: उत्तराखंड में भारी बारिश का क्रम जारी है। जिसे देखते हुए चारधाम एवं हेमकुंड साहिब यात्रा पांच सितंबर तक स्थगित कर दी गई है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में फिर से भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
उत्तराखंड में लगातार जारी बारिश को देखते हुए, सरकार ने चारधाम और हेमकुंड साहिब यात्रा पांच सितंबर तक के लिए स्थगित कर दी है। गढ़वाल कमिश्नर विनय शंकर पांडेय ने बताया कि भारी बारिश से प्रदेश में कई जगह भूस्खलन या मलबा आने से मार्ग बाधित हो रहे हैं।

बाधित मार्गों को प्राथमिकता के आधार पर खोला जा रहा है, लेकिन यात्रियों की सुरक्षा ओर सुविधा को देखते हुए, फिलहाल चारधाम एवं हेमकुंड साहिब यात्रा को 05 सितम्बर 2025 तक स्थगित किए जाने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने यात्रियों से अपील की है कि वे प्रतिकूल मौसम की स्थिति को देखते हुए फिलहाल यात्रा मार्गों पर प्रस्थान न करें तथा प्रशासन द्वारा जारी परामर्श का पालन करें। मौसम सामान्य होने एवं मार्ग पूरी तरह सुरक्षित पाए जाने के उपरांत यात्राओं को पुनः प्रारम्भ किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार एवं स्थानीय प्रशासन द्वारा सड़क मार्गों की निगरानी, सफाई तथा यात्रियों की सुरक्षा हेतु सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। यात्रियों से अनुरोध है कि धैर्य एवं संयम बनाए रखें तथा यात्रा संबंधी अद्यतन जानकारी के लिए प्रशासनिक नियंत्रण कक्ष से सम्पर्क करते रहें।
रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी प्रतीक जैन ने सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहने और आवश्यक तैयारी रखने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन की ओर से जानकारी दी गई कि मौसम केंद्र देहरादून द्वारा क्षेत्र में आगामी तीन दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। प्रशासन ने यह स्पष्ट किया है कि यह निर्णय पूरी तरह से यात्रियों की सुरक्षा के दृष्टिकोण से लिया गया है।
जिलाधिकारी ने यात्रियों से अपील की है कि वे फिलहाल अपनी यात्रा को स्थगित करें और अपने घरों में सुरक्षित रहें. जो यात्री पहले से यात्रा पर हैं, उन्हें सुरक्षित स्थानों पर रुकने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने का अनुरोध किया गया है। भारी बारिश से केदारनाथ हाईवे कई स्थानों पर बाधित हो रहा है।












Click it and Unblock the Notifications