Uttarakhand Lok sabha Chunav Voting: वोट कास्ट का वायरल कर दिया वीडियो,ईवीएम पटकने का मामला भी आया सामने
UK Lok Sabha Election 2024 Voting उत्तराखंड में पांचों लोकसभा सीटों पर दोपहर 03 बजे तक कुल 45.53 फीसदी मतदान हुआ है। प्रदेश भर से शांतिपूर्ण तरीके से मतदान की सूचनाएं सामने आ रही हैं। हालांकि हरिद्वार और उधमसिंह नगर से दो बड़ी घटनाएं भी सामने आई हैं। उधमसिंह नगर में वोट कास्ट करने का वीडियो वायरल करने और हरिद्वार में ईवीएम को पटकने का मामला सामने आया है।

दोपहर 03 बजे तक हरिद्वार लोकसभा सीट में 49.62 फीसदी मतदान, नैनीताल उधमसिंह नगर लोकसभा सीट में 49.94 फीसदी मतदान, टिहरी लोकसभा सीट पर 43.61 फीसदी मतदान हुआ है।
गढ़वाल लोकसभा सीट में 42.12 फीसदी जबकि अल्मोड़ा लोकसभा सीट में 38.43 फीसदी मतदान मतदान हुआ है। पूरे प्रदेश में मतदान प्रक्रिया जारी है। इस बीच प्रदेश भर से दो अलग अलग घटनाएं भी सामने आई हैं।
उत्तराखंड में उधमसिंह नगर के कुंडा थाना क्षेत्र के एक युवक ने वोट कास्ट करने के दौरान वीडियो बना लिया, फिर उसे सोशल मीडिया में भी वायरल कर दिया। वीडियो वायरल होते ही पुलिस हरकत में आई और आरोपी युवक को तत्काल गिरफ्तार कर लिया। अब पुलिस मामले में अग्रिम कार्रवाई में जुट गई है।
उधमसिंह नगर जिले के कुंडा थाना क्षेत्र निवासी एक युवक ने लोकसभा चुनाव के दौरान वोट डालते हुए एक वीडियो बना लिया। जिसके बाद युवक ने आनन-फानन में उस वीडियो को सोशल मीडिया अकाउंट पर भी अपलोड कर दिया। जैसे ही इसकी जानकारी पुलिस टीम को लगी, वैसे ही कुंडा थाना पुलिस हरकत में आई और युवक को हिरासत में ले लिया।
पुलिस ने आरोपी युवक के मताधिकार के संबंध में सोशल मीडिया पर डाले वीडियो को डिलीट करा दिया। हरिद्वार में एक मतदाता ने ईवीएम का विरोध करते हुए पोलिंग बूथ पर रखी ईवी मशीन को ही नीचे पटक डाला। हरिद्वार विधानसभा के मतदान केंद्र ज्वालापुर इंटर कॉलेज में एक मतदाता ने ईवीएम का विरोध किया। उसने ईवी मशीन को ही नीचे पटक डाला और जोर-जोर से चिल्लाते हुए कहा कि ईवीएम का विरोध करते हैं और कहा बैलेट पेपर से चुनाव कराए जाएं।












Click it and Unblock the Notifications