उत्तराखंड चुनाव की तारीखों का ऐलान, जानिए कितने चरण में कब-कब होगी वोटिंग, पूरा शेड्यूल
देहरादून, 8 जनवरी: उत्तराखंड राज्य में विधानसभा चुनावों के लिए चुनाव आयोग ने तारीखों का ऐलान कर दिया है। मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) सुशील चंद्रा ने आज (8 जनवरी) आज प्रेस वार्ता कर उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, गोवा, पंजाब और मणिपुर में विधानसभा चुनावों की तारीखों की जानकारी दी। उत्तराखंड में 14 फरवरी को मतदान होगा और 10 मार्च को नतीजों का ऐलान किया जाएगा। बता दें कि उत्तराखंड में फिलहाल भाजपा सत्ता में है और पुष्कर सिंह धामी राज्य के मुख्यमंत्री हैं। कांग्रेस यहां मुख्य विपक्षी दल है।

ये है उत्तराखंड में चुनाव का शेड्यूल
मुख्य चुनाव आयुक्त सुशील चंद्रा ने बताया है कि सभी पांच राज्यों के चुनाव कुल सात चरणों में पूरे होंगे। उत्तराखंड में चुनाव 14 फरवरी को होगा। पूरे प्रदेश की सभी 70 सीटों पर एक चरण में 14 फरवरी को वोट पड़ेगे।
उत्तराखंड की सभी सीटों पर 21 जनवरी को अधिसूचना जारी होगी। 28 जनवरी तक पर्चा दाखिल किया जा सकेगा। 31 जनवरी नामांकन वापसी की आखिरी तारीख है। इसके बाद 14 फरवरी को वोट डाले जाएंगे। वोट डालने के लिए दफा एक घंटे का ज्यादा समय मिलेगा। मतदान सुबह आठ से शाम छह बजे तक चलेगा। बीते चुनाव में सुबह आठ से शाम पांच बजे तक मतदान हुआ था।
गोवा पंजाब में भी एक चरण में चुनाव
14 फरवरी को ही उत्तराखंड के साथ-साथ गोवा और पंजाब में भी एक ही राउंड में मतदान संपन्न कराया जाएगा। वहीं मणिपुर राज्य में दो चरणों में 27 फरवरी और 3 मार्च को वोटिंग होगी।
उत्तर प्रदेश में सात चरणों में वोटिंग
उत्तर प्रदेश में सात चरण में वोट पड़ेंगे। पहले राउंड की वोटिंग 10 फरवरी को होगी। इसके बाद दूसरे चरण का मतदान 14 फरवरी, तीसरे चरण का 20 फरवरी, चौथे चरण का 23 फरवरी, पांचवे फेज में 27 फरवरी, 3 मार्च को छठे और 7 मार्च को 7वें चरण का मतदान उत्तर प्रदेश में होगा।
15 जनवरी तक रोड शो पर रोक
चुनाव आयोग ने पांचों राज्यों में पदयात्रा और रोडशो पर 15 जनवरी तक पूरी तरह से रोक का ऐलान किया है। मुख्य चुनाव आयुक्त सुशील चंद्रा ने कहा, 15 जनवरी तक किसी भी रोड शो, पदयात्रा, साइकिल रैली, बाइक रैली और जुलूस निकालने की अनुमति नहीं होगी। 15 जनवरी के बाद प्रचार किस तरह से होगा, इसको लेकर स्थिति की समीक्षा की जाएगी और बाद में नए निर्देश जारी किए जाएंगे।
पांचों राज्यों के नतीजे 10 मार्च को
आयोग ने बताया है कि पांच राज्यों के चुनाव कुल सात चरणों में पूरे कराए जाएंगे। इसके बाद 10 मार्च को पांचों राज्यों के विधानसभा चुनावों की मतगणना होगी और नतीजों का ऐलान किया जाएगा।
2017 में भाजपा ने दर्ज की थी बड़ी जीत
पहाड़ी राज्य उत्तराखंड में विधानसभा में कुल 70 सीटे हैं और बहुमत का आंकड़ा 36 है। राज्य में 2017 में हुए विधानसभा इलेक्शन में भाजपा ने एक तरफा जीत हासिल करते हुए कांग्रेस से सत्ता छीनी थी। राज्य की कुल 70 सीटों में भाजपा को 57 सीटों पर जीत मिली थी। वहीं कांग्रेस को सिर्फ 11 सीटें मिली थीं।
उत्तराखंड में इस चुनाव में कांग्रेस और भाजपा में सीधा मुकाबला माना जा रहा है। इस बार आम आदमी पार्टी भी दमखम के साथ चुनाव में उतरी है। वहीं बसपा ने भी सभी 70 सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है। इसके अलावा कई दूसरे दल भी चुनाव मैदान में हैं।












Click it and Unblock the Notifications