Uttarakhand आपदाग्रस्त इलाकों में पहुंचने के लिए MLA को ऐसे पार करना पड़ा गदेरा, गनर बहने लगा तो मची अफरातफरी
Uttarakhand disaster उत्तराखंड एक बार फिर आपदा की मार झेल रहा है। इस बार बागेश्वर और रुद्रप्रयाग जिले में आपदा से भारी नुकसान हुआ है। आपदाग्रस्त इलाकों में नुकसान का आंकलन करने की कोशिश में विधायक भी अपनी जान जोखिम में डालकर लोगों के बीच पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं।
ऐसे ही कुछ वीडियो सामने आए हैं, जिसमें विधायकों के लिए भी जनता के बीच पहुंचना आसान नजर नहीं आ रहा है। बागेश्वर जिले के आपदा प्रभावित पौंसारी गांव से खाईइजर तोक के बीच पड़ने वाले गधेरे को पार करने की कोशिश में विधायक सुरेश गढ़िया और उनके गनर पंकज नेगी के लिए चुनौतीपूर्ण रहा।

इस दौरान एसडीआरएफ के जवानों और रस्सी की मदद से विधायक को गदेरा पार कराया गया। इस बीच कई बार विधायक के पांव डगमगाते हुए नजर आए। इतना ही नहीं गनर गधेरे में बहने लगा जिसे एसडीआरएफ के जवानों ने किसी तरह निकाला। हालांकि विधायक का मोबाइल, रुपये, डायरी और गनर की कार्बाइन तेज बहाव में बह गई।
बागेश्वर जिले के कपकोट क्षेत्र में बारिश की वजह से 2 लोगों की मौत हो गई जबकि 3 लोग लापता हैं। स्थानीय विधायक सुरेश गढ़िया क्षेत्र में बारिश से हुए नुकसान का जायजा लेने के लिए निकले थे, लेकिन रास्ते में गदेरा पार करना पड़ा। विधायक को एसडीआरएफ के जवानों ने रस्सियों के सहारे किसी तरह गदेरा पार करवाया। लेकिन इस बीच गनर भारी बहाव में अचानक बरसाती गदेरे में बह गया।
विधायक को गधेरा पार कराने के लिए एसडीआरफ की टीम ने मानव शृंखला बनाई और नदी में रस्सी डाली। रस्सी की मदद से विधायक गधेरे को पार कर रहे थे। पानी उनकी कमर से ऊपर बह रहा था। अचानक वह लड़खड़ाने लग गए। उन्हें लड़खड़ाता देखकर गनर पंकज नेगी बिना किसी सहारे के तेज बहाव में आ गए।
संतुलन बिगड़ने पर वह गधेरे में बहने लगे। एसडीआरएफ के जवान और वहां मौजूद लोगों ने उन्हें किसी तरह से बचाया। विधायक गढि़या ने बताया कि बहाव काफी तेज होने से गधेरा पार करने में परेशानी हुई। वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि, एसडीआरएफ के जवानों ने कुछ दूरी पर जाकर गनर को रेस्क्यू किया।
रुद्रप्रयाग जिले के बसुकेदार क्षेत्र में शुक्रवार तड़के बादल फटने से इलाके में भारी तबाही हुई है। जिसका जायजा लेने स्थानीय विधायक आशा नौटियाल ने भी बरसाती नालों को पार कर कई किमी पैदल चलनकर पहुंचना पड़ा। केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल भी आपदाग्रस्त इलाके में पहुंचीं और आपदा प्रभावितों से हालचाल जाना। आपदा प्रभावितों का दर्द और हालात देखकर आशा नौटियाल भावुक हो गईं और उनकी आंखें भर आर्ईं।












Click it and Unblock the Notifications