Uttarakhand: 3 बड़ी वारदात को खोलने के लिए CM धामी का 3 दिन का अल्टीमेटम, डीजीपी ने जारी किए निर्देश
एक सप्ताह में 3 बड़ी वारदातों पर सीएम सख्त, दिए निर्देश
उत्तराखंड में बीते सप्ताह में एक के बाद एक तीन वारदातों ने उत्तराखंड पुलिस के लिए चुनौती खड़ी कर दी है। प्रदेश में कानून व्यवस्था को लेकर सीएम पुष्कर सिंह धामी भी सख्त नजर आ रहे हैं। जिसके बाद डीजीपी अशोक कुमार ने तीनों वारदातों के लिए तीन दिन का अल्टीमेटम जारी किया है। जिसके बाद संबंधित पुलिस अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।

डोईवाला में डकैती, हरिद्वार में पुलिस पर फायरिंग, ऊधमसिंह नगर में खनन कारोबारी की हत्या
डीजीपी ने निर्देश देते हुए कहा है कि डोईवाला में डकैती, हरिद्वार में पुलिस पर फायरिंग और ऊधमसिंह नगर में खनन कारोबारी की हत्या का तीन दिन में खुलासा करने के निर्देश दिए हैं। खुलासा नहीं होने पर संबंधित सीओ और थाना प्रभारी को हटा दिया जाएगा। साथ ही जिले के पुलिस कप्तान को भी अपराध नियंत्रण में नाकाम माना जाएगा।
काशीपुर में एक खनन कारोबारी की गोली मारकर हत्या
बीते बुधवार को उत्तर प्रदेश की ठाकुरद्वारा पुलिस ने 1 लाख के इनामी बदमाश जफर को पकड़ने के लिए उधमसिंह नगर कुंडा के भरतपुर गांव में ज्येष्ठ ब्लॉक प्रमुख के घर दबिश दी थी। सादी वर्दी में आए पुलिस कर्मियों और ग्रामीणों के बीच टकराव के बाद चली गोली से ज्येष्ठ प्रमुख की पत्नी की मौत हो गई थी। इसके बाद पूरे क्षेत्र में तनाव पैदा हो गया। यूपी और उत्तराखंड पुलिस इस मामले को लेकर आमने सामने आ गए। यूपी पुलिस ने इनामी बदमाश जफर को तो बाद में दबोच लिया। लेकिन इस घटना के दौरान अपनी जान गंवाने वाली महिला के परिजनों ने यूपी पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए और सीबीआई जांच की मांग की। इतना ही नहीं इस घटना के अगले दिन काशीपुर में एक खनन कारोबारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। जिसके बाद से उधमसिंहनगर के कप्तान और पुलिस महकमा सवालों के घेरे में हैं।
डोईवाला में कैबिनेट मंत्री के भाई के यहां छह सशस्त्र बदमाशों ने डकैती को अंजाम दिया
उधमसिंह नगर में हुई इस वारदात के तुरंत बाद देहरादून जिले के डोईवाला में बाजार के पास कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल के भाई के यहां छह सशस्त्र बदमाशों ने डकैती को अंजाम दिया। पुलिस ने घटनाओं के खुलासे के लिए टीमें गठित कीं और दबिश के दावे किए। लेकिन पुलिस के हाथ अभी खाली हैं। मंत्री के भाई के घर दिनदहाड़े इस तरह की वारदात से पुलिस महकमा पूरी तरह से सवालों के घेरे में है। पुलिस के अनुसार घटना में कुल सात बदमाश शामिल थे। जिसमें से छह ने शीशपाल अग्रवाल के घर में डकैती को अंजाम दिया। डोईवाला क्षेत्र में दिनदहाड़े व्यापारी के घर हुई डकैती से क्षेत्र के अन्य व्यापारियों में भय का माहौल है।
हरिद्वार के लक्सर में पुलिस पार्टी पर फायरिंग
इसी बीच रविवार को हरिद्वार के लक्सर में पुलिस पार्टी पर फायरिंग हो गई। दो अलग-अलग बाइकों पर सवार तीन बदमाशों ने दो सिपाहियों की गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया।बदमाशों ने चार राउंड हवाई फायरिंग भी की और फरार हो गए। दोनों सिपाहियों को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। इन तीनों घटनाओं ने उत्तराखंड पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े किए हैं। जिसको लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी नाराजगी जताई है। जिसके बाद डीजीपी को भी तुरंत एक्शन लेने को कहा गया है। पुलिस महानिदेशक उत्तराखंड अशोक कुमार ने उधमसिंहनगर के काशीपुर में खनन कारोबारी की हत्या, डोईवाला में हुई डकैती एवं जनपद हरिद्वार में पुलिसकर्मियों पर हुई फायरिंग के खुलासे के लिए 03 दिन का अल्टीमेटम दिया है। उन्होंने कहा है कि 03 दिन में इन घटनाओं का खुलासा, गिरफ्तारी न होने पर संबंधित थाना प्रभारी एवं क्षेत्राधिकारी को हटाया जाएगा। इसके अतिरिक्त उन्होंने बताया कि संबंधित जिलों के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों को भी इन घटनाओं के जल्द खुलासे न होने पर अपराध नियंत्रण में नाकाम माना जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications