ये हैं उत्तराखंड बोर्ड के होनहार, पैदल चलकर पाई मंजिल अब देश के लिए कुछ करने का है जज्बा
उत्तराखंड बोर्ड: 10वीं में मुकुल, 12 वीं में दिया टॉपर
देहरादून, 6 जून। उत्तराखंड बोर्ड के परिणाम जारी हो गए है। हाईस्कूल में थौलधार टिहरी गढ़वाल के छात्र मुकुल सिलस्वाल ने टॉप किया है। जबकि ब्रह्रमखाल उत्तरकाशी के आयुष अवस्थी सेकेंड टॉपर हैं। खास बात ये है कि दोनों पैदल चलकर स्कूल जाते थे और दोनों अब देश की सेना में अफसर बनकर देश की सेवा करना चाहते हैं। पहाड़ में पढ़ाई कर टॉप करने वाले छात्र कई किमी की दूरी तय कर स्कूल पहुंचते हैं। इसके बाद वे लग्न और मेहनत से पढ़ाई करते हैं। न कोई साधन न कोई संसाधन। यहां तक कि गांव में सही से नेटवर्क तक नहीं। फिर भी ये होनहार दूसरों के सामने मिसाल पेश कर रहे हैं। वन इंडिया ने इन होनहार से बातचीत की है।

4 से 5 घंटे पढ़ाई, मोबाइल पर सही सिग्नल तक नहीं
हाईस्कूल के टॉपर मुकुल कैंछु गांव के रहने वाले हैं। जहां से वे स्कूल पैदल ही जाते हैं। वे पूर्व प्रधान कैंछु (थौलधार टिहरी गढ़वाल) राकेश सिलस्वाल के पुत्र हैं। मुकुल ने वन इंडिया को बताया कि वे अपने इस प्रदर्शन का श्रेय अपने परिजन और अध्यापकों को देना चाहते हैं। मुकुल ने बताया कि वे हर दिन 4 से 5 घंटे पढ़ाई करते थे। साथ ही हर दिन समय तय कर पढ़ाई करते थे। यही वजह रही कि उन्होंने प्रदेश में टॉप किया है। मुकुल ने बताया कि बोर्ड परीक्षाओं में एक रणनीति के साथ तैयारी करनी चाहिए। इसके लिए पिछले सालों के परीक्षा पत्र को जरुर देखें और उनकी प्रैक्टिस करनी चाहिए। मुकुल सेना में जाकर देश की सेवा करना चाहते हैं। हाईस्कूल में सेकेंड टॉपर सुमन ग्रामर एस.एस.एस ब्रह्मखाल उत्तरकाशी के छात्र आयुष अवस्थी ने जिले का नाम रोशन करने के साथ ही प्रदेश का मान बढ़ाया है। आयुष के पिता सड़कों पर होने वाले कामों में सुवरवाइजर का काम करते हैं। आयुष ने बताया कि उनके गांव जसपुर में सही नेटवर्क तक नहीं आते हैं। इस वजह से कई बार पढ़ाई में परेशानी होती है।
पहले दो किमी पैदल अब जाना पड़ेगा ढ़ाई किमी
आयुष ने बताया कि वे रोज 2 किमी पैदल चलकर स्कूल पढ़ने जाते थे। अब इंटर के लिए उन्हें फिर ढाई किमी तक पैदल जाना होगा। जिस स्कूल में वे पढ़ते थे, वह सिर्फ 10वीं तक ही है। आयुष ने बताया कि वे हर दिन 2 से 3 किमी ही पढाई करते थे। लेकिन परीक्षा में उन्होंने 4 घंटे पढाई की। आयुष ने बताया कि वे उन्हें मेरिट में आने की उम्मीद थी, लेकिन सेकेंड टॉपर बनेंगे इसकी उम्मीद नही थी। आयुष ने बताया कि वे आर्मी में अफसर बनना चाहते हैं।
आईएएस अफसर बनना चाहती हैं दिया
इंटर में एसवीएसआईसी मायापुर, हरिद्वार की दिया राजपूत ने टॉप किया है। जो कि आईएएस अफसर बनकर देश की सेवा करना चाहती है। दिया ने कहा कि वे हर दिन की तरह पढ़ाई करती रही। दिया ने बताया कि फिजिक्स और मैथ उनके पसंदीदा विषय हैं। दिया ने कहा कि बोर्ड परीक्षाओं को लेकर अलग से नहीं सोचना चाहिए, जैसे ओर दिन पढ़ाई करते हैं, वैसे ही पढ़ाई करते रहना चाहिए। दिया के पिता प्राइवेट कंपनी में काम करते हैं।
हाईस्कूल, इंटर दोनों में बालिकाएं अव्वल,
उत्तराखंड के शिक्षा मंत्री डॉ धन सिंह रावत ने सोमवार को बोर्ड का परिणाम किया। उन्होंने बताया कि हाईस्कूल परीक्षा-2022 में 1,27,895 परीक्षार्थी सम्मिलित हुए जिसमें से 99,091 परीक्षार्थी उर्त्तीण हुये और कुल परीक्षाफल 77.47 प्रतिशत रहा। जिसमें बालकों का उत्तीर्ण प्रतिशत 71.12 और बालिकाओं का उत्तीर्ण प्रतिशत 84.06 रहा। हाईस्कूल की मेरिट में सुभाष इंटर कालेज थौलधार टिहरी गढ़वाल के छात्र मुकुल सिलस्वाल ने कुल 500 अंक में से 495 प्राप्त कर 99.00 प्रतिशत अंकों के साथ टॉप किया। सुमन ग्रामर एस.एस.एस ब्रह्मखाल, उत्तरकाशी के छात्र आयुष अवस्थी और सुभाष इण्टर कॉलेज, थौलधार टिहरी गढ़वाल के छात्र आयुष जुयाल ने हाईस्कूल परीक्षा में 98.60 प्रतिशत अंक प्राप्त कर द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जबकि विवेकानन्द वीएमआईसी मण्डलसेरा, बागेश्वर की छात्रा रबीना कोरंगा ने कुल 98.40 प्रतिशत अंक प्राप्त कर तीसरा स्थान हासिल किया। प्रदेश की हाईस्कूल परीक्षा-2022 में जनपद बागेश्वर 87.05 प्रतिशत परीक्षाफल के साथ प्रथम स्थान पर रहा। इसी तरह इंटरमीडिएट परीक्षा-2022 में 1,11,688 परीक्षार्थी सम्मिलित हुए जिसमें से 92,296 परीक्षार्थी उत्तीर्ण हुए और कुल परीक्षाफल 82.63 प्रतिशत रहा। जिसमें बालकों का उत्तीर्ण प्रतिशत 79.74 तथा बालिकाओं का उत्तीर्ण प्रतिशत 85.38 रहा। इंटर की मेरिट में एसवीएसआईसी मायापुर, हरिद्वार की छात्रा दिया राजपूत ने कुल 500 में से 485 अंक प्राप्त कर 97 प्रतिशत अंकों के साथ सर्वोच्च स्थान प्राप्त किया।जबकि एसपीवीएमआईसी गोपेश्वर, चमोली के छात्र अंशुल बहुगुणा ने कुल 96.80 प्रतिशत अंक प्राप्त कर द्वितीय स्थान प्राप्त किया। आरएलएस चौहान एसवीएमआईसी जसपुर, उधम सिंह नगर की छात्रा दृष्टि चौहान और विवेकानन्द वीएमआईसी मण्डलसेरा, बागेश्वर के छात्र सुमित सिंह मेहता ने कुल 96.60 प्रतिशत अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रदेश की इंटरमीडिएट परीक्षा-2022 में जनपद रूद्रप्रयाग 91.90 प्रतिशत परीक्षाफल के साथ प्रथम स्थान पर रहा।












Click it and Unblock the Notifications