उत्तराखंड में नए साल का आगाज होते ही शुरू हुआ दलबदल का खेल, पहले दिन कांग्रेस, दूसरे दिन भाजपा को लगे झटके
उत्तराखंड में एक बार फिर दलबदल का खेल शुरू
देहरादून, 3 जनवरी। नए साल के आगाज के साथ ही उत्तराखंड में एक बार फिर दलबदल का खेल शुरू हो गया है। सोमवार को दिल्ली में उत्तरकाशी जिले के दो बड़े चेहरों ने कांग्रेस का हाथ थाम लिया। पुरोला सीट से भाजपा विधायक रहे मालचंद व उत्तरकाशी जिला पंचायल अध्यक्ष दीपक बिजल्वाण सोमवार काे कांग्रेस पार्टी में शामिल हो गए हैं। इससे पहले रविवार को वरिष्ठ कांग्रेसी नेता हेम आर्या व राजेश्वर पैन्यूली ने देहरादून में कांग्रेस छोड़ भाजपा का दामन थाम लिया है। इसके अलावा आम आदमी पार्टी के नेता और उत्तराखंड के पूर्व आईपीएस अधिकारी अनंत राम चौहान दिल्ली में पार्टी नेता प्रियंका गांधी वाड्रा की मौजूदगी में कांग्रेस में शामिल हो गए है। इस तरह से एक बार फिर आने वाले दिनों में टिकट बंटवारे के बाद भी ये सिलसिला जारी रहने वाला है।

भाजपा, कांग्रेस में सेंधमारी
उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव से पहले नेताओं का दलबदल फिर से शुरू हो गया है। लंबे समय से पर्दे के पीछे चल रही सियासी दलों की खींचतान नए साल में अपने अंजाम पर पहुंचती हुई नजर आ रही है। हालांकि अभी किसी बड़े चेहरे ने नया सियासी दांव नहीं चला, लेकिन पूर्व विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष समेत पार्टी के महत्वपूर्ण पदों पर रहे नेताओं ने नए साल में अपना ठिकाना बदल दिया है। सोमवार को भाजपा को नए साल का पहला झटका कांग्रेस ने दिया। पुरोली सीट से कांग्रेस के विधायक राजकुमार को भाजपा ज्वाइन कराने के बाद कांग्रेस ने भाजपा के पूर्व विधायक मालचंद को कांग्रेस में लाकर हिसाब बराबर कर लिया है। मालचंद बीजेपी के विधायक रहे हैं। 2017 में मालचंद बीजेपी के टिकट पर चुनाव हार गए थे। इसके साथ ही उत्तरकाशी के यमुनोत्री सीट पर दावेदारी कर रहे जिला पंचायत अध्यक्ष दीपक बिजल्वाण ने भी दिल्ली में कांग्रेस ज्वाइन की है। दीपक उत्तरकाशी के तेज तर्रार नेताओं में शामिल हैं। दावा किया जा रहा है कि सभी की प्रियंका गांधी से मुलाकात भी कराई गई है। इधर उत्तरकाशी की गंगोत्री सीट पर कांग्रेस के अंदर बगावत हो गई है। गंगोत्री के एक गुट ने प्रदेश अध्यक्ष को पत्र भेज गंगोत्री सीट से पूर्व सीएम हरीश रावत को प्रत्याशी बनाए जाने की मांग की। कांग्रेसियों को यह पत्र सोशल मीडिया पर भी जमकर वायरल हो रहा है।
भाजपा ने भी कांग्रेस के अंदर सेंधमारी करने की कोशिश की
नए साल की शुरूआत में भाजपा ने भी कांग्रेस के अंदर सेंधमारी करने की कोशिश की है। वरिष्ठ कांग्रेसी नेता हेम आर्या ने कांग्रेस छोड़ भाजपा का दामन थामा। हेम आर्या 2017 में भाजपा से टिकट न मिलने पर कांग्रेस में शामिल हुए थे। इन्होंने 2012 में भाजपा की ओर से नैनीताल सीट से चुनाव लड़ा था। 2017 में यशपाल आर्य के बेटे संजीव आर्य को नैनीताल से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ा था, जो कि इस बार कांग्रेस के पाले में हैं। इसके साथ ही भाजपा का एक और पुराना चेहरा टिहरी की प्रताप नगर विधानसभा से राजेश्वर पैन्यूली की भी घर वापसी कराई गई है। राजेश्वर पैन्यूली ने टिकट ने मिलने से नाराज होकर पार्टी छोड़ दी थी। जिसके बाद वे कांग्रेस में शामिल हो गए थे। वह प्रतापनगर विधानसभा से लगातार तीन बार बतौर निर्दलीय चुनाव लड़ चुके हैं। इससे पहले उत्तराखंड में आम आदमी पार्टी को भी नए साल में बड़ा झटका लग चुका है। अरविंद केजरीवाल की नव परिवर्तन सभा की तैयारियों में जुटी आप को सभा से एक दिन पहले निराश करने वाली खबर मिली। आम आदमी पार्टी के नेता और उत्तराखंड के पूर्व आईपीएस अधिकारी अनंत राम चौहान दिल्ली में पार्टी नेता प्रियंका गांधी वाड्रा की मौजूदगी में कांग्रेस में शामिल हो गए। हैं।












Click it and Unblock the Notifications