जन प्रतिनिधियों को दिए जाने वाले प्रोटोकॉल को लेकर एसओपी जल्द,जानिए सीएम को क्यों लेना पड़ा निर्णय
उत्तराखंड में जन प्रतिनिधियों को दिए जाने वाले प्रोटोकॉल को लेकर जल्द एसओपी जारी की जाएगी। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने जन प्रतिनिधियों को प्रदान किए जाने वाले प्रोटोकॉल के संबंध में एसओपी जारी करने के लिए मुख्य सचिव को निर्देश दिए है।
देहरादून की धर्मपुर सीट से विधायक विनोद चमोली ने इसको लेकर सीएम धामी से मुलाकात की। इससे पहले चमोली मुख्य सचिव को इस बाबत पत्र भी लिख चुके हैं।

बता दें कि राज्य स्थापना दिवस कार्यक्रम में भाजपा के विधायक विनोद चमोली ने अपने लिए प्रोटोकॉल का पालन न करने और उचित सम्मान न मिलने को लेकर नाराजगी जताई। इतना ही नहीं विनोद चमोली तुरंत कार्यक्रम छोड़कर निकल आए। विनोद चमोली की आपत्ति यह थी कि विधायक के प्रोटोकॉल के अनुसार उन्हें जगह नहीं दी गई। पुलिस अधिकारियों ने विधायक को मनाने की कोशिश की लेकिन विधायक नहीं माने।
इसके बाद उन्होंने इसकी शिकायत मुख्य सचिव से की। साथ ही किसी भी सरकारी कार्यक्रम में शामिल होने से इनकार कर दिया। अब विधायक चमोली ने सीएम धामी से मिलकर इसको लेकर अपनी नाराजगी जताई। चमोली ने विभिन्न समसामयिक विषयों पर चर्चा करते हुए सरकारी कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों की गरिमा के अनुकूल आमंत्रित करने, उनके प्रतिभाग करने के साथ ही बैठने के क्रम की व्यवस्था सहित प्रोटोकॉल के संबंध में एसओपी जारी किए जाने के लिए मुख्यमंत्री से आग्रह किया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि जन प्रतिनिधियों को प्रदान किए जाने वाले प्रोटोकॉल के संबंध में एसओपी जारी करने के लिए मुख्य सचिव को निर्देशित कर दिया गया है। विनोद चमोली देहरादून नगर निगम के दो बार मेयर रह चुके हैं। इसके साथ ही वे 2017 और 2022 दोनों बार लगातार विधायक का चुनाव जीतते आए हैं। वे वर्तमान में भी धर्मपुर सीट से विधायक हैं।












Click it and Unblock the Notifications