हल्द्वानी में मित्र की शादी समारोह से रुद्रपुर लौट रहे थे 6 दोस्त,ट्रैक्टर-ट्रॉली में जा घुसी कार,दो की मौत
पंतनगर थाना क्षेत्र के टांडा जंगल स्थित संजय वन के पास भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। दोनों युवक विवाह समारोह से लौट रहे थे। बारातियों की कार सामने चल रही ट्रैक्टर ट्रॉली से टकरा गई। जिसमें दो की मौत और चार युवक गंभीर रूप से घायल हैं।
हल्द्वानी में शादी समारोह में शामिल होकर रुद्रपुर अपने घर लौट रहे कार सवार युवकों की मौत से कोहराम मच गया। घटनास्थल से लौट रहे कुछ लोगों ने कार सवार सभी लोगों को रुद्रपुर अस्पताल पहुंचाया। जिसमें दो को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया जबकि चार गंभीर रुप से घायल हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार की शाम आवास विकास रुद्रपुर निवासी छह दोस्त कार संख्या यूके-06/एएफ-7305 से अपने किसी मित्र के वैवाहिक समारोह में शामिल होने हल्द्वानी गए थे। वापसी में रात को उनकी कार टांडा जंगल में संजय वन के पास आगे चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली में जा घुसी। जिसमें भीषण हादसा हो गया।
कार सवार सभी 6 लोग घायल हो गए। वहां से गुजर रहे लोगों ने पुलिस को सूचना दी और सभी घायलों को अस्पताल भिजवाया। डॉक्टरों ने विनोद तिवारी और शशांक सुयाल को मृत घोषित कर दिया। जबकि उमेश भट्ट, आशीष कुमार, अमन आर्या और कमल भट्ट गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पाकर परिजन जिला अस्पताल पहुंचे और चारों युवकों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। इसके बाद वहां से जनप्रतिनिधियों और पुलिस के अधिकारियों का पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। सबने परिजनों को ढाढ़स बंधाया। हादसे के बाद से मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ। घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।












Click it and Unblock the Notifications