पहाड़ से लेकर मैदान तक दिग्गजों की घेराबंदी, मोदी, शाह, योगी, राजनाथ और प्रियंका ने झौंकी ताकत

भाजपा से मोदी, शाह, योगी, राजनाथ तो कांग्रेस से प्रियंका गांधी ने संभाला मोर्चा

देहरादून, 12 फरवरी। उत्तराखंड में 14 फरवरी को 70 सीटों पर एक साथ मतदान होना है। शनिवार को 5 बजे चुनाव से पहले प्रचार प्रसार थम गया है। आखिरी दिन प्रत्याशियों और स्टार प्रचारकों ने पूरी ताकत झौंक दी है। पहाड़ से लेकर मैदान तक भाजपा और कांग्रेस एक दूसरे को घेराबंदी करती नजर आई। भाजपा की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभाएं की जबकि कांग्रेस की ओर से राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने एक दिन में 3 सभाएं कर भाजपा को जमकर कोसा।

मोदी ने कहा कि पूरे देश में लोग कांग्रेस को नकार रहे

मोदी ने कहा कि पूरे देश में लोग कांग्रेस को नकार रहे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रुद्रपुर में कांग्रेस को निशाने पर लेते हुए कहा कि उन्होंने कोरोना से लड़ने के हमारे प्रयासों को हल्के में लिया। भारत की वैक्सीन को बदनाम किया गया। वैक्सीन को लेकर रात-दिन चारों ओर अफवाह फैलाई गई। वैक्सीन सभी के लिए होने के बावजूद निराशा से भरी बातें की गईं लेकिन केंद्र और उत्तराखंड सरकार ने सुदूर पहाड़ों तक वैक्सीन पहुंचाकर लोगों को सुरक्षा कवच दिया। रोजगार, कारोबार और उद्योग पटरी पर आए। उन्होंने कहा कि उनकी चिंता यह थी कि वैक्सीन लगने से हर देशवासी सुरक्षित हो जाएगा। मोदी ने कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि ये विकृत राजनीति वाले लोग हैं। अपनी राजनीति की खिचड़ी पकाना चाहते हैं इसलिए गुमराह कर रहे हैं। एक प्रकार का खतरनाक खेल खेला जा रहा है। हमारी सरकार ने लगातार प्रयास किया कि कोरोना की वजह से तबाही कम से कम हो। उत्तराखंड ने रिकॉर्ड समय में शत प्रतिशत आबादी का सिंगल डोज वैक्सीनेशन करके दिखाया है। मोदी ने कहा कि पूरे देश में लोग कांग्रेस को नकार रहे हैं। मोदी ने कहा कि कांग्रेस का यही नियम है कि वादे कर सरकार बनाओ, इसके बाद घोटाले करो। कांग्रेस की ओर से इस बार भी जो वादे किए गए हैं वे झूठ का पुलिंदा हैं। वे 40 साल से गरीबी हटाओ की बात करते हैं लेकिन गरीबी कभी नहीं हटा पाए। वे गरीबों को ही हटाने की बात करते हैं। मोदी ने कांग्रेस के उत्तराखंडियत को लेकर सवाल खड़े किए। कहा कि अचानक उत्तराखंड की संस्कृति की याद आ रही है। ऐसे लोग भारत को भी राष्ट्र मानने के लिए तैयार नहीं हैं। जो भारत को देश नहीं मानते वे लोग उत्तराखंड को तबाह करने के लिए आए हैं।

शाह बोले-लोग उत्तराखंड में पिकनिक मनाने आ जाते, प्रियंका गांधी भी आई

शाह बोले-लोग उत्तराखंड में पिकनिक मनाने आ जाते, प्रियंका गांधी भी आई

गृहमंत्री अमित शाह देहरादून के रायपुर में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि मैं तो गुजरात से आता हूं। वहां एक भी घर ऐसा नहीं होगा जो देवभूमि न आया होगा। वहां के लोग पीतल की लुटिया में गंगोत्री से जल न लेकर गया हो। देवभूमि की बात याद आते ही छोटे से छोटे बच्चे को चारधाम और हेमकुंड साहिब याद आ जाता है। अमित शाह ने संबोधन में कहा कि जब भी देश की सुरक्षा की बात आती है। किसी भी सीमा पर चले जाओ, उत्तराखंड और पंजाब से बेटे जाकर मां भारत की सेवा करते हैं। गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि यूपी में दूसरी पार्टियों का सूपड़ा साफ होगा और यहां भी कमल खिलेगा। कहा कि लोग आजकल उत्तराखंड में पिकनिक मनाने आ जाते हैं। यहां प्रियंका गांधी भी आई हैं। ये चारधाम चार काम की बात कर रहे हैं, लेकिन प्रधानमंत्री ने सब काम कर दिए हैं। कांग्रेस को आड़े हाथ लेते हुए गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस ने एक दूसरे को लड़ाया है। पहाड़ को मैदान से और कुमाऊं को गढ़वाल से। उन्होंने अपनी जेब भरने का काम किया। कांग्रेस कोई विकास नहीं कर सकती। केवल भाजपा कर सकती है। वो चार धाम चार काम नहीं करेंगे। केवल चार दाम मांगने वाले हो जाएंगे। शाह ने कहा कि केदारनाथ भव्य बन गया है। बदरीनाथ धाम का भी हम 400 करोड़ से विकास करने वाले हैं। शाह ने इस दौरान हरीश रावत से सवाल किया, कहा कि जब उत्तराखंड के युवा अलग राज्य की मांग कर रहे थे तो आपका मत क्या था। मसूरी में सपा और कांग्रेस ने युवाओं पर गोली चलवाई। उन्होंने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी देवभूमि के लिए जो 70 सालों में नहीं कर पाई वह मोदी सरकार ने पांच साल में कर दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा उत्तराखंड को आध्यात्म और श्रद्धा का केंद्र बना रही है। इसके साथ ही केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह चुनाव प्रचार करने के लिए धर्मनगरी हरिद्वार पहुंचे।

राजनाथ ने कांग्रेस से पूछा-उत्तराखंड को दिए विशेष दर्जे को क्यों खत्म किया

राजनाथ ने कांग्रेस से पूछा-उत्तराखंड को दिए विशेष दर्जे को क्यों खत्म किया

केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बागेश्वर में जनसभा को संबोधित किया और भाजपा को वोट देने की अपील की। राजनाथ सिंह ने कांग्रेस से सवाल पूछा कि उत्तराखंड को दिए विशेष दर्जे को क्यों खत्म किया? उन्होंने कहा कि आज देश सुरक्षित हाथों में है। उन्होंने कहा कि देश की ओर आंख उठाने की हिम्मत किसी की नहीं है। देश के दुश्मनों को इस पार भी मार रहे, जरूरत पड़ी तो उस पार जाकर भी मारेंगे। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि पहले भारत को विश्व बिरादरी गंभीरता से नहीं लेती थी। वर्ष 2014 के बाद भारत को पूरा विश्व गंभीरता से लेने लगा है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने देश को झुकने नहीं दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा जो कहती है, वह करती है। कहा कि कांग्रेस की सरकार ने उत्तराखंड से विशेष राज्य का दर्जा छीन लिया था। वर्ष 2104 में भाजपा की सरकार आई तो उत्तराखंड को फिर से विशेष राज्य का दर्जा दिया। कहा कि केंद्र सरकार ने पाकिस्तान, अफगानिस्तान और बांग्लादेश के प्रताड़ित, हिंदू, ईसाई, सिख, पारसी लोगों को देश की नागरिकता देने का रास्ता खोला है।

योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस को राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा बताया

योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस को राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा बताया

उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नई टिहरी और कोटद्वार में भाजपा के पक्ष में जनसभा की। योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस को राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा बताया। आरोप लगाया कि कांग्रेस राष्ट्रीय सुरक्षा के दुर्ग पर छेद करना चाहती है। राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए उत्तराखंड में फिर से भाजपा सरकार बननी जरूरी है। तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस डूबता हुआ जहाज है, जहां नहीं डूबे वहां भी भाई, बहन दोनों पार्टी को डूबा रहे हैं। योगी ने कहा कि विकास ही युवाओं के जीवन में बदलाव ला सकते हैं। विकास भाजपा की डबल इंजन सरकार ही कर सकती है। कांग्रेस के लोग देवभूमि में मुस्लिम विवि खोलना चाहते हैं। उन्होंने जनता को सचेत किया कि यूपी सरकार माफियाओं, गुंडों का सफाया कर उनकी परिसंपत्तियों पर बुलडोजर चल रहा है। ऐसा न हो कि कुछ अपराधी कानून की आंख में धूल झोंककर उत्तराखंड भाग आएं। ऐसे में उत्तर प्रदेश के साथ-साथ उत्तराखंड में भी भाजपा की सरकार होनी जरूरी है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड से निकलने वाली गंगा का हम यूपी में आचमन करते हैं। देवभूमि के प्रति लोगों की अपार श्रद्धा है इसलिए कांग्रेस यहां आने नहीं देना है।

प्रियंका का आरोप, अपने विकास और उद्योगपति मित्रों के बारे में सोच रहे

प्रियंका का आरोप, अपने विकास और उद्योगपति मित्रों के बारे में सोच रहे

कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी खटीमा, हल्द्वानी और श्रीनगर गढ़वाल में चुनावी रैलियों को संबोधित किया। प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि उत्तराखंड में सरकार बनने के बाद पुलिस विभाग में महिलाओं को 40 परसेंट आरक्षण देंगे। कहा कि आज देश महंगाई और बेरोजगारी से जूझ रहा है। किसानों के लिए काले कानून लाकर सरकार ने अपने चहेते दो उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन उनके मंसूबे कामयाब नहीं हुए। प्रियंका ने नोटबंदी, जीएसटी, महंगाई और रोजगार के मुद्दे पर केंद्र और राज्य सरकार को घेरा। प्रियंका ने कहा कि देश में गैस सिलिंडर, तेल और खाने पीने का सामान बेतहाशा महंगा हो गया है। जनता के अधिकार छीने जा रहे हैं। नौजवानों से रोजगार छीना जा रहा है। प्रदेश और देश को लूटा जा रहा है। विकास न करने वाले नेता आज धर्म की बात कर जनता को गुमराह कर रहे हैं। सीएम से लेकर पीएम तक अपने विकास और उद्योगपति मित्रों के बारे में सोच रहे हैं। प्रियंका ने कहा कि सरकार ने काम किया होता तो विकास दिखता। उन्होंने कहा कि प्रदेश तो छोड़िए, सीएम की विधानसभा का भी बुरा हाल है। प्रियंका ने कहा कि उत्तराखंड की बहनों में बड़ी शक्ति है। महिलाएं सक्षम बने, सशक्त बने यहीं हमारा सपना है। कहा कि राज्य में सबसे बड़ी समस्या बेरोजगारी है, दूसरी समस्या मंहगाई और तीसरी स्वास्थ्य सुविधाओं का न होना।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+