आठ फरवरी से उत्तराखंड में फिर खुलेंगे छठी से 12वीं तक के स्कूल, करना होगा कोविड-19 गाइडलाइन का पालन
Uttarakhand Schools Reopen News, देहरादून। कोरोना वायरस संक्रमण और लॉकडाउन के चलते पिछले 11 महीने से बंद पड़े सरकारी व निजी स्कूलों को खोलने के लिए उत्तराखंड की त्रिवेंद्र सिंह रावत कैबिनेट ने बड़ा फैसला लिया है। जिसके तहत कक्षा 6 से लेकर 12वीं तक के सरकारी व निजी स्कूल आठ फरवरी से खुल जाएंगे। इस बात की जानकारी मंत्री मदन कौशिक ने दी है। उन्होंने बताया कि शनिवार को आयोजित हुई कैबिनेट बैठक में शिक्षा विभाग के स्कूल खोलने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई है। इसके साथ ही शिक्षा विभाग कोविड-19 से सुरक्षा को ध्यान में रखकर स्कूलों के लिए एसओपी (मानक संचालन कार्यविधि) जारी करेगा।

मदन कौशिक ने कहा कि स्कूल और कॉलेज बंद होने के बाद अब छात्रों को परीक्षाओं और प्रैक्टिकल की तैयारियों के लिए खोला जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को स्कूलों और कॉलेजों में जाकर कोरोना से बचाव के सभी नियमों का पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। कहा कि हर क्लास में सामाजिक दूरी का पालन किया जाए। सैनिटाइजर की उपलब्धता हो। मास्क लगाना जरूरी हो। बता दें कि मार्च, 2020 में कोविड-19 के कारण बंद होने के बाद पहली बार इतने व्यापक स्तर पर राज्य में स्कूली कक्षाओं को शुरू करने का फैसला किया गया है।
शारीरिक दूरी का पालन कराना होगी चुनौती
सरकारी और प्राइवेट स्कूलों के खुलने पर शारीरिक दूरी का पालन कराना एक बड़ी चुनौती होगी। दरअसल, इन स्कूलों में पहले ही कक्षा चलाने के लिए जगह की कमी है। ऐसे में छह फीट की दूरी पर बच्चों को बैठाना आसान नहीं होगा। प्रदेश में छह से 12वीं तक सरकारी और प्राइवेट स्कूलों में 11 लाख से अधिक छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। हालांकि, शिक्षा विभाग के अधिकारियों का कहना है कि बच्चों की क्लास का समय अलग-अलग तय करना होगा।
कोविड की गाइडलाइन का पालन होगा अनिवार्य
शिक्षा विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, स्कूल खुलने से पहले एसओपी जारी की जाएगी। इसके बाद कोविड-19 की गाइडलाइन का पालन करते हुए स्कूलों को खोला जाएगा। हालांकि, प्रदेश में एक से पांचवीं कक्षा तक के स्कूल अभी बंद रहेंगे। इन स्कूलों को खोले जाने को लेकर अभी कोई निर्णय नहीं हुआ। इन स्कूलों के बच्चों की ऑनलाइन क्लास जारी रहेगी।
प्रदेश में खुलेंगे नौ हजार से अधिक स्कूल
कैबिनेट के इस फैसले से प्रदेश में छह से 12 वीं तक नौ हजार से अधिक स्कूल खेलेंगे। जिनमें उच्च प्राथमिक सरकारी, अशासकीय और प्राइवेट स्कूलों की संख्या 5452 है। जबकि 1354 हाईस्कूल और 2479 इंटरमीडिएट कॉलेज हैं।












Click it and Unblock the Notifications