प्रदर्शनकारियों ने सलमान खुर्शीद के नैनीताल वाले घर में लगाई आग, हिंदुत्व वाले बयान से थे नाराज
नई दिल्ली, 15 नवंबर: पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद की नई किताब पर विवाद जारी है। जिसमें उन्होंने आज के हिंदुत्व की तुलना आतंकी संगठनों से कर दी थी। इस बीच सोमवार को बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी खुर्शीद के नैनीताल स्थित घर पहुंचे और उन्होंने वहां पर जमकर तोड़फोड़ की। बाद में उन्होंने घर के अगले हिस्से में आग लगा दी। इस घटना में शामिल कई लोगों को उत्तराखंड पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
Recommended Video

जानकारी के मुताबिक प्रदर्शनकारियों ने घर के आगे वाले हिस्से (दरवाजे) के आसपास आग लगाई। इसके अलावा वहां पर तोड़फोड़ की। मामले में डीजीआई (कुमाऊं) नीलेश आनंद ने कहा कि राकेश कपिल समेत 20 अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। जो भी लोग घटना में शामिल होंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
खुर्शीद ने खुद फेसबुक पर घटना के फोटो और वीडियो शेयर किए हैं। उन्होंने लिखा कि मुझे उम्मीद थी कि मैं अपने उन दोस्तों के लिए ये दरवाजे खोलूंगा, जिन्होंने इस कॉलिंग कार्ड को छोड़ दिया है। क्या अभी भी ये कहना गलत होगा कि ये हिंदू धर्म नहीं हो सकता है? उन्होंने दूसरी पोस्ट में लिखा कि शर्म बहुत अप्रभावी शब्द है। मुझे अब भी उम्मीद है कि हम एक दिन एक साथ तर्क कर सकते हैं, असहमत होने पर सहमत हो सकते हैं।
किताब में क्या लिखा?
अपनी नई किताब 'सनराइज ओवर अयोध्या, नेशनहुड इन आवर टाइम्स' में खुर्शीद ने आज के हिंदुत्व की तुलना आतंकी संगठन आईएसआईएस और बोको हरम से कर दी। उन्होंने लिखा कि आज तगड़े हिंदुत्व का राजनीतिकरण हो रहा है। जिस वजह से पुराना हिंदू धर्म और साधु-सन्तों का सनातन किनारे होता जा रहा है। आज उनके हर तरीके आतंकी संगठन आईएसआईएस और बोको हरम के जिहादियों जैसे हैं। इसी किताब में खुर्शीद ने सुप्रीम कोर्ट के राम मंदिर पर दिए फैसले की तारीफ की। उन्होंने कहा कि ये फैसला जरूरी था। अब देश इस विवाद से आगे बढ़ेगा।












Click it and Unblock the Notifications