राजनाथ सिंह ने फिल्मी स्टाइल में की मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की तारीफ, जानिए क्या कहा
राजनाथ सिंह ने फिल्मी स्टाइल में की मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की तारीफ
देहरादून, 9 फरवरी। उत्तराखंड में चुनाव प्रचार-प्रसार अब अंतिम दौर में हैं। 14 फरवरी को मतदान से पहले सियासी दल वोटरों को रिझाने के लिए लगातार नए तरीके अपना रहे हैं। इसी कड़ी में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी जनता से फिल्मी स्टाइल में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की तारीफ कर धामी को जिताने की अपील की है। राजनाथ सिंह ने पुष्पा फिल्म का जिक्र कर मुख्यमंत्री पुष्कर के नाम का मतलब बताया कि पुष्कर फ्लॉवर भी है और फायर भी। हमारा पुष्कर ना कभी झुकेगा, ना कभी रूकेगा। राजनाथ सिंह लगातार उत्तराखंड में भाजपा के पक्ष में प्रचार-प्रसार कर रहे हैं। लेकिन राजनाथ हर बार नए अंदाज में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की तारीफ करने में जुटे हैं। कभी क्रिकेट के अंदाज में धाकड़ बल्लेबाज तो कभी फिल्मी स्टाइल में पुष्पा का जिक्र।
Recommended Video

राजनाथ सिंह ने की जनसभा
भाजपा की ओर उत्तराखंड में स्टार प्रचारक लगातार जनता के बीच पहुंचकर वोट मांग रहे हैं। इसी कड़ी में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी लगातार उत्तराखंड में जनसभाएं कर रहे हैं। उत्तराखंड के गंगोलीहाट में एक जनसभा को संबोधित करते हुए राजनाथ सिंह ने फिल्म पुष्पा के डायलॉग को सीएम पुष्कर सिंह धामी से जोड़कर अलग अंदाज में पेश किया। उन्होंने कहा, आज कल फिल्म पुष्पा का नाम काफी चर्चा में है और हमारे सीएम का नाम पुष्कर है, लेकिन यह पुष्कर नाम सुनकर कांग्रेस के लोग समझते हैं कि ये पुष्कर तो फ्लॉवर है लेकिन मैं उन्हें बताना चाहता हूं कि अपना पुष्कर फ्लॉवर भी है और फायर भी। हमारा पुष्कर ना कभी झुकेगा, ना कभी रूकेगा।

कांग्रेस पर भी किया हमला
इससे पहले रक्षा मंत्री ने कांग्रेस पार्टी पर हमला बोला। उन्होंने कहा, मैं कांग्रेस के संबंध में कहना चाहूंगा कि ना इनकी कोई नीति है, ना इनकी कोई नियत और ना इनका विकास करने में कोई विश्वास है। कांग्रेस ने हमेशा देश और प्रदेश को लूटा है। हम उत्तराखंड को और नहीं झुकने देंगे। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में कांग्रेस की स्थिति ये है कि वो मुख्यमंत्री घोषित करने की हालत में नहीं हैं, इसलिए उन्होंने किसी नेता की घोषणा नहीं की है। उनके घर में ही आग लगी हुई है।

धामी की लगातार करते रहें हैं तारीफ
राजनाथ सिंह ने पहली बार पुष्कर सिंह धामी की तारीफ नहीं की है, इससे पहले राजनाथ सिंह कई बार धामी की तुलना धाकड़ बल्लेबाज से कर चुके हैं। उत्तराखंड में भाजपा ने 5 साल में तीन मुख्यमंत्री बदले, पुष्कर सिंह धामी को अंतिम 6 माह के लिए मुख्यमंत्री बनाया तो केन्द्रीय नेतृत्व ने धामी के शासनकाल को ही चुनाव में वोट का आधार बनाया है। युवा नेतृत्व और युवा चेहरे धामी पर ही भाजपा ने दांव खेला है। ऐसे में भाजपा धामी की लगातार तारीफ कर रहे हैं। इससे पहले देहरादून में सैन्य धाम के शिलान्यास कार्यक्रम में राजनाथ सिंह ने सीएम धामी की तारीफ की। इतना ही नहीं पीएम मोदी से लेकर गृह मंत्री अमित शाह भी धामी की तारीफ करते नजर आ चुके हैं। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इससे पहले उत्तराखंड दौरे पर आकर सीएम पुष्कर सिंह धामी की तारीफ कर उन्हें 20-20 मैच के आखिरी ओवर में उतारा गया धाकड़ बल्लेबाज बताया था। दूसरी बार राजनाथ सिंह ने सीएम की तारीफ करते हुए उन्हें तेजतर्रार गेंदबाज और विकास के नाम पर ऑलराउंडर बताया है।












Click it and Unblock the Notifications