उत्तराखंड में राहुल गांधी ने कहा- आज का राजा किसी की नहीं सुनता है, नरेंद्र मोदी पीएम नहीं राजा हैं
देहरादून। 14 फरवरी को उत्तारखंड में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों ने पूरी ताकत झोंक दी है। इसी कड़ी में कांग्रेस नेता राहुल गांधी उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले के किच्छा मंडी में किसानों को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि यूपीए की सरकार में भारत को देश के प्रधानमंत्री चला रहे थे लेकिन आज एक राजा भारत को चला रहा है, जो किसी की नहीं सुनता है और केवल फैसले लेता है।

इसके अलावा राहुल गांधी ने कहा कि एक पीएम को सबके लिए काम करना चाहिए, लोगों की बात सुनें... नरेंद्र मोदी जी पीएम नहीं, बल्कि बादशाह हैं। उन्होंने लगभग एक साल तक किसानों की उपेक्षा की, क्योंकि एक राजा मजदूरों की बात नहीं करता और न ही सुनता है और उनके लिए अपना निर्णय लेता है। राहुल गांधी 11 बजे पहुंचने वाले थे लेकिन दो घंटे देरी से पहुंचने के चलते दोपहर एक बजे से जनसभा शुरू हो सकी।
राहुल गांधी से पहले कांग्रेस पार्टी के सभी प्रत्याशियों ने बारी-बारी से जनता के समक्ष संबोधन किया। राहुल गांधी ने कहा कि मैं किसानों को बधाई देना चाहता हूं कि तीन कानूनों के खिलाफ आप पहाड़ जैसे खड़े रहे। एक इंच हिले नहीं और एक कदम पीछे नहीं गए। आपने हिंदुस्तान की सरकार को सच्चाई दिखाई। इस सरकार को यह बताना बहुत जरूरी था।
राहुल गांधी ने कहा कि आप सिर्फ देश को भोजन नहीं देते, रास्ता भी दिखाते हो। सालों से यह क्रम जारी है। अंग्रेजों से लड़ाई बड़े उद्योगपतियों ने नहीं लड़ी थी। किसानों और मजदूरों ने लड़ी थी। रैली के लिए राहुल गांधी पंतनगर एयरपोर्ट पर उतरे फिर वहां से वह किच्छा के लिए रवाना हुए। यहां से राहुल जनसभा स्थल पहुंचे। किसान कांग्रेस के अध्यक्ष सुशील राठी और ऊधमसिंह नगर जिलाध्यक्ष जितेंद्र शर्मा ने राहुल गांधी का फूल व प्रतीक चिन्ह भेंट कर उनका स्वागत किया। ऊधमसिंह नगर कुमाऊं की तराई बेल्ट है। यहां सर्वाधिक किसान वोट हैं।












Click it and Unblock the Notifications