PM मोदी ने किया AIIMS ऋषिकेश में ऑक्सीजन प्लांट का उद्घाटन, देशभर में कुल 1224 प्लांट बनकर तैयार
ऋषिकेश, 7 अक्टूबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज उत्तराखंड स्थित ऋषिकेश पहुंचे हैं, जहां उन्होंने एम्स अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट का उद्घाटन किया। पीएम मोदी के इस दौरे को उत्तराखंड में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों से जोड़कर देखा जा रहा है। कयास लगाए जा रहे हैं कि चुनाव से पहले पीएम मोदी राज्य में ऐसे कई दौरे भविष्य में भी कर सकते हैं। प्राप्त जानकारी के मुताबिक पीएम मोदी को लेकर सेना का हेलीकॉप्टर गुरुवार सुबह करीब 11 बजे एम्स ऋषिकेश के हेलीपैड पर लैंड किया।

बता दें कि कोरोना वायरस संकट के बीच अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) ऋषिकेश में पीएम केयर्स फंड से मिली आर्थिक मदद के बाद आधुनिक ऑक्सीजन प्लांट लगाया गया, जिसका उद्घाटन आज (गुरुवार) पीएम मोदी ने अपनी मौजूदगी में किया। पीएम मोदी के स्वागत के लिए देवभूमि को पूरी तरह से तैयार किया गया था। आयोजन स्थल और आसपास क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप (एसपीजी) ने संभाल ली है। पीएम मोदी के दौरे से एक दिन पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और आला अधिकारियों ने व्यवस्था का जायजा लिया था।
यह भी पढ़ें: उत्तराखंड में आयोजित एक कार्यक्रम में पीएम मोदी गुरुवार को 35 पीएसए ऑक्सीजन प्लांट देश को करेंगे समर्पित
उद्घाटन समारोह का संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा,
देवभूमि उत्तराखंड से उनका गहरा नाता है। इस देवभूमि ने उनके जीवन की धारा को बदलने का काम किया। इस भूमि से मेरा मर्म, कर्म, सत्व व तत्व का नाता है। हम देवभूमि को दशकों की उपेक्षा से निकालने का बहुत ईमानदारी से प्रयास कर रहे हैं। आज से 20 वर्ष पूर्व गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में मुझे नई जिम्मेदारी मिली थी। सरकार के मुखिया के तौर पर पहले मुख्यमंत्री और फिर देश के लोगों के आशीर्वाद से देश के प्रधानमंत्री पद पर पहुंचने की कल्पना मैंने कभी नहीं की थी। 100 साल के इस सबसे बड़े संकट का सामना हम भारतीय जिस बहादुरी से कर रहे हैं, उसे दुनिया बारीकी से देख रही है।
पीएम मोदी ने आगे कहा,
कोरोना से लड़ाई के लिए इतने कम समय में भारत ने जो सुविधाएं तैयार कीं, वो हमारे देश के सामर्थ्य को दिखाता है। ये हर भारतवासी के लिए गर्व की बात है कि कोरोना वैक्सीन की 93 करोड़ डोज़ लगाई जा चुकी है। बहुत जल्द हम 100 करोड़ के आंकड़े को पार कर जाएंगे। चारधाम को जोड़ने वाली ऑल वेदर रोड पर तेज़ी से काम चल रहा है, चारधाम परियोजना देश और दुनिया से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए बहुत बड़ी सुविधा तो बना ही रही है, साथ ही गढ़वाल और कुमाऊं के चुनौतीपूर्ण क्षेत्रों को भी आपस में जोड़ रही है। बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर बनने के बाद वीरान पड़े गांव, फिर से आबाद होने लगे हैं।
देशभर में 1224 ऑक्सीजन प्लांट्स बनकर तैयार
प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) के अनुसार ऋषिकेश में इन 35 पीएसए ऑक्सीजन संयंत्रों की स्थापना के साथ देश के सभी जिलों में अब पीएसए ऑक्सीजन संयंत्र चालू हो जाएंगे।अब तक पूरे देश में कुल 1224 पीएसए ऑक्सीजन प्लांट्स को पीएम केयर्स के तहत मिली सहायता राशि से बनाया जा चुका है। इनमें से से 1100 से अधिक संयंत्रों को चालू किया गया है, जिससे प्रतिदिन 1,750 मीट्रिक टन से अधिक ऑक्सीजन का उत्पादन होता है। 7,000 से अधिक कर्मियों को प्रशिक्षण देकर इन संयंत्रों का संचालन और रखरखाव सुनिश्चित किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications