उत्तराखंड: हल्द्वानी में आज AIIMS की नींव रखेंगे पीएम मोदी, अन्य परियोजनाओं का भी करेंगे शुभारंभ
उत्तराखंड: हल्द्वानी में आज AIIMS की नींव रखेंगे पीएम मोदी, अन्य परियोजनाओं का भी करेंगे शुभारंभ
हल्द्वानी, 30 दिसंबर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार यानी आज (30 दिसंबर) उत्तराखंड के हल्द्वानी में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) की आधारशिला रखेंगे। एम्स अस्पताल के अलावा पीएम मोदी हल्द्वानी में 17,500 करोड़ रुपये से अधिक की कई अन्य परियोजनाओं का शुभारंभ भी करेंगे। 2012 में स्थापित ऋषिकेश के बाद यह पहाड़ी राज्य उत्तराखंड का दूसरा एम्स होगा।

पीएम मोदी ने बुधवार को ट्वीट कर इस बात की जानकारी दी थी। पीएम मोदी ने लिखा था, ''देवभूमि उत्तराखंड कल (गरुवार) प्रगति की नई ऊंचाइयों को छुएगा। हल्द्वानी में, मुझे 17,500 करोड़ रुपये से अधिक की 23 परियोजनाओं की आधारशिला रखने और उद्घाटन करने का अवसर मिलेगा। इनमें स्वास्थ्य, सड़क और सिंचाई से संबंधित बुनियादी ढांचा परियोजनाएं शामिल हैं।''
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि वह कुमाऊं क्षेत्र के लोगों के लिए एम्स खोलने के उनके अनुरोध को स्वीकार करने के लिए पीएम मोदी के आभारी हैं, जिनके लिए एम्स, ऋषिकेश में इलाज के लिए जाना मुश्किल है।
23 अन्य परियोजनाओं की आधारशिला भी रखेंगे पीएम मोदी
एम्स हल्द्वानी की आधारशिला रखने के अलावा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17,500 करोड़ रुपये से अधिक की 23 परियोजनाओं की आधारशिला भी रखेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) के एक बयान के अनुसार, ये परियोजनाएं पूरे उत्तराखंड में सिंचाई, सड़क, आवास, स्वास्थ्य बुनियादी ढांचे, उद्योग, स्वच्छता, पेयजल आपूर्ति सहित कई क्षेत्रों को कवर करती हैं। इन 23 परियोजनाओं में उधम सिंह नगर जिले में एम्स ऋषिकेश उपग्रह केंद्र और पिथौरागढ़ में जगजीवन राम सरकारी मेडिकल कॉलेज की आधारशिला रखना भी शामिल है।
पीएमओ ने कहा, ''इन दोनों अस्पतालों को क्रमश ₹500 करोड़ और ₹450 करोड़ की लागत से बनाया जा रहा है। बेहतर चिकित्सा बुनियादी ढांचे से न केवल कुमाऊं और तराई क्षेत्रों के लोगों को बल्कि उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्रों के लोगों को भी मदद मिलेगी।''
उत्तराखंड में कुछ ही महीनों में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। उसके लिहाजे से पीएम मोजी के आज का उद्घाटन कार्यक्रम अहम है। 2017 में पिछली बार चुनाव जीतने वाली सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) लगातार दूसरी जीत का लक्ष्य लेकर चल रही है।












Click it and Unblock the Notifications