मां गंगा के शीतकाल प्रवास मुखबा गांव पहुंचे PM मोदी, विशेष पूजा अर्चना के साथ पुरोहितों ने किया जोरदार स्वागत
PM Modi news: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज उत्तरकाशी में मां गंगा के शीतकालीन प्रवास स्थल मुखबा गांव में पहुंचकर पूजा अर्चना की। मुखबा स्थित गंगा मंदिर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 20 मिनट तक गर्भ गृह में मां गंगा की विशेष पूजा अर्चना की।
इस दौरान मंदिर समिति के पदाधिकारी और पुरोहितों ने पीएम मोदी की विशेष पूजा कराई और आशीर्वाद स्वरूप कलश भेंट किया। पीएम मोदी के मुखबा गांव पहुंचते ही स्थानीय वाद्य यंत्रों से स्वागत सत्कार किया गया। हर तरफ जय मां गंगे के उद्घोष लगाए गए।

श्री पांच मंदिर समिति के सचिव पंडित सुरेश सेमवाल ने पीएम मोदी का विशेष स्वागत किया। इसके बाद पुरोहितों ने विशेष पूजा अर्चना की। पूजा के बाद पीएम मोदी ने ग्रामीणों का धन्यवाद भी किया। बाद में मोदी ने हिमालय के व्यू प्वाइंट का भी अवलोकन किया।
पीएम मोदी आज सुबह करीब 8 बजे वायुसेना के विशेष विमान से देहरादून एयरपोर्ट पहुंचे। देहरादून एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत, पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने पीएम का स्वागत किया। इसके बाद पीएम हर्षिल के लिए रवाना हुए। जहां साढ़े 8 बजे करीब हेलिकॉप्टर हर्षिल पहुंचा।
यहां से पीएम सीधे मां गंगा के शीतकालीन प्रवास मुखबा के लिए रवाना हुए। पीएम मोदी ने करीब 1 घंटा मुखबा गांव में बिताया। इसके बाद पीएम की हर्षिल में भी कार्यक्रम रखे गए हैं। जहां पीएम एक जनसभा को संबोधित करेंगे। हर्षिल पहुंचकर पीएम विंटर टूरिज्म पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे।
जहां बाइक रैली को हरी झंडी दिखाएंगे। इसके बाद हर्षिल में कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। मोदी का करीब साढ़े 11 बजे वापस लौटने का कार्यक्रम है। चीन सीमा पर पीएम के दौरे को लेकर सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट मोड पर हैं। सीमांत गांव के ग्रामीण गुरुवार सुबह 7 बजे से ही जनसभा स्थल पर पहुंचने शुरू हो गए।












Click it and Unblock the Notifications